सांवेर विधानसभा में करीब 700 करोड़ के प्रचलित कार्यों की जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने की समीक्षा
सांवेर विधानसभा में करीब 700 करोड़ के प्रचलित कार्यों की जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने की समीक्षा
इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देखी
इंदौर : जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज देर शाम को रेसीडेंसी कोठी पर सांवेर विधानसभा अंतर्गत करीब 700 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में इंदौर सम्भागायुक्त व आईडीए अध्यक्ष डॉ. सुदाम खाड़े सहित कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल और आईडीए सीईओ श्री परीक्षित झाड़े मौजूद रहे। जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने सांवेर विधानसभा में प्रचलित 15 विकास कार्यों की रिपोर्ट देखी। ये विकास कार्य इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन है। सभी कार्यों पर बारी-बारी से निर्माण स्थिति की जानकारी ली। साथ ही कुछ प्रस्तावित कार्यों के संबंध में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिए हैं। कैलोद हाला में प्रस्तावित रेलवे ओव्हर ब्रिज के टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के लिए पीएस पीडब्ल्यूडी से चर्चा करने के निर्देश दिए हैं। कान्ह नदी पर 26 करोड़ रूपये की लागत से प्रचलित हाई लेवल रिवर ब्रिज के गुणवत्तापूर्ण कार्य हो, इसके लिए मंत्री श्री सिलावट ने निरीक्षण करने की मंशा जाहिर की है। इसके अलावा एबी रोड से बायपास तक एमआर-11 पर 73.49 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण के लिए वहां निवासरत नागरिकों को उनकी सहमति से अमलतास पर या रेंट पर निवास उपलब्ध कराकर कार्य किया जाएगा। इसी तरह आईडीए के प्लान टीपीएस-03 में मास्टर प्लान की सड़कों में लसूड़ियामोरी व मायाखेड़ी क्षेत्र में कुल 6 सड़क जो 286 करोड़ रूपये की लागत से प्रारम्भ की गई है।
बैठक में 80 प्रतिशत से अधिक निर्मित कार्यों को अप्रैल माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसमें 13 करोड़ रूपये की लागत से लवकुश फ्लायओव्हर पर सर्विस रोड़ की दुरुस्तीकरण के कार्य व 9 करोड़ रूपये की लागत से तुलसी नगर सड़क निर्माण के कार्य शामिल हैं।
