‘फाइबर से ग्लोबल मार्केट तक बिछेगा नेटवर्क, यूपी बनेगा टेक्सटाइल का वैश्विक हब’, लखनऊ में बोले सीएम योगी
‘फाइबर से ग्लोबल मार्केट तक बिछेगा नेटवर्क, यूपी बनेगा टेक्सटाइल का वैश्विक हब’, लखनऊ में बोले सीएम योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत, हुनर व युवा शक्ति यूपी की सबसे बड़ी ताकत है। यूपी का मतलब ‘अल्टीमेट पोटेंशियल’ है। उत्तर प्रदेश के पास मानव संसाधन, उद्योग, उद्यमिता और देश का सबसे बड़ा बाजार है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे ज्यादा युवा कार्यबल के दम पर उत्तर प्रदेश को टेक्सटाइल का वैश्विक केंद्र बनाना है।
हमारा लक्ष्य प्रदेश में फाइबर से यार्न, यार्न से फैब्रिक, फैब्रिक से गारमेंट और गारमेंट से वैश्विक बाजार तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करना है। मुख्यमंत्री मंगलवार से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुरू हुए दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल्स कान्क्लेव-2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यूपी टेक मित्र पोर्टल, हथकरघा बुनकर समृद्धि व उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में 5196 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किए गए। साथ ही, उन्होंने 163 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर लेटर आफ कम्फर्ट (एलओसी) और 60 करोड़ रुपये की सब्सिडी का वितरण किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के वस्त्र उद्योग की पहचान हजारों वर्षों पुरानी है।
