Madhya Pradesh : 11,500 करोड़ के निवेश से बनेगी 1,920 मेगावाट क्षमता की परियोजना, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर गांधीसागर में होगा विशेष आयोजन
Madhya Pradesh : 11,500 करोड़ के निवेश से बनेगी 1,920 मेगावाट क्षमता की परियोजना, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर गांधीसागर में होगा विशेष आयोजन
गांधीसागर में 18 नवंबर को होगी देश की सबसे बड़ी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर कैबिनेट बैठक
नीमच/मंदसौर। मध्यप्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में प्रदेश मंत्रिमंडल की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का प्रमुख आकर्षण गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना होगी, जिसे लेकर सरकार व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है। लगभग 11,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित की जा रही 1,920 मेगावाट क्षमता की यह परियोजना प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा भंडारण व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का निर्माण नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में किया जा रहा है। यह परियोजना गांधीसागर बांध और चंबल नदी क्षेत्र के समीप विकसित होगी। ग्रीनको समूह द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना के लिए लगभग 414 हेक्टेयर भूमि का उपयोग प्रस्तावित है। परियोजना के निर्माण पर करीब 11,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
देश की सबसे बड़ी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना
यह परियोजना वर्तमान में भारत में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के रूप में विकसित की जा रही है। इसकी कुल बिजली उत्पादन क्षमता 1,920 मेगावाट होगी। परियोजना में दो जलाशयों की व्यवस्था की गई है। इसमें निचले जलाशय के रूप में पहले से मौजूद गांधीसागर जलाशय का उपयोग किया जाएगा, जबकि ऊपरी जलाशय का निर्माण ग्रीनको द्वारा नए सिरे से किया जाएगा।
परियोजना की खासियत यह है कि इसमें पानी का बार-बार उपयोग कर बिजली का उत्पादन किया जा सकेगा। बिजली की मांग कम होने और सौर एवं पवन ऊर्जा से अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होने पर उस बिजली का उपयोग पंपों के माध्यम से पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय तक पहुंचाने में किया जाएगा। वहीं, जब बिजली की मांग बढ़ेगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। पानी के तेज प्रवाह से टरबाइन चलेंगी और बिजली का उत्पादन होगा। इस तरह यह परियोजना ऊर्जा को जरूरत के समय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पानी की बचत के साथ होगा ऊर्जा भंडारण
परियोजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता इसका जल प्रबंधन है। इसमें गांधीसागर जलाशय से लगभग 2.4 टीएमसी (67.66 एमसीएम) पानी का उपयोग किया जाएगा। यह पानी नॉन-कंजम्प्टिव यानी गैर-उपभोगात्मक उपयोग में आएगा। इसका अर्थ है कि पानी का उपयोग बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा, लेकिन वह नष्ट नहीं होगा, बल्कि जलाशयों के बीच बार-बार चक्र के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना में निचले जलाशय के रूप में गांधीसागर जलाशय की कुल क्षमता लगभग 270 टीएमसी (7,643.70 एमसीएम) बताई गई है। इसके साथ ही नया ऊपरी जलाशय तैयार किया जाएगा।
मध्यप्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
विशेषज्ञों के अनुसार, सौर और पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से दिन के अलग-अलग समय पर बिजली का उत्पादन बदलता रहता है। ऐसे में पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजनाएं अतिरिक्त बिजली को संग्रहित कर जरूरत के समय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनती हैं। गांधीसागर की यह परियोजना प्रदेश की बिजली व्यवस्था को अधिक स्थिर और मजबूत बनाने में मददगार हो सकती है। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होने की संभावना है। साथ ही निर्माण, परिवहन, स्थानीय व्यापार और अन्य सहायक गतिविधियों को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर गांधीसागर में आयोजित होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक के माध्यम से सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ मालवा-निमाड़ क्षेत्र की ऊर्जा क्षमता और औद्योगिक संभावनाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का प्रयास करेगी।

