बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देंगे अखिलेश:सपा का घोषणापत्र- युवाओं को हर महीने ₹5000 बेरोजगारी भत्ता, गांवों में 300 यूनिट बिजली फ्री
बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देंगे अखिलेश:सपा का घोषणापत्र- युवाओं को हर महीने ₹5000 बेरोजगारी भत्ता, गांवों में 300 यूनिट बिजली फ्री
– परीक्षा देने वालों छात्रों के लिए मुफ्त परिवहन व्यवस्था होगी
-महिलाओं और मुसलमानों के प्रति जघन्य अपराध के प्रति जीरो टालरेंस
-पीडीए व गरीब के लिए समाजवादी कैंटीन खोलेंगे, 5 रुपये की थाली देंगे।
लखनऊ: नौकरी और सामाजिक कल्याण की घोषणाएं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गुरुवार को घोषणाओं की झड़ी लगा दी। कहा कि पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का प्रस्ताव पास करेंगे। 25 लाख युवाओं को नौकरियां देंगे। बेरोजगारी भत्ते में युवाओं को 5000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। बीपीएल परिवार की बुजुर्ग जरूरतमंद महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना पेंशन दी जाएगी। बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना दिया जाएगा। इसके साथ ही विधवा, दिव्यांग व अनाथ लड़कियों से शादी पर दो लाख की सहायता देने का वादा किया है। गांव में 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी।
दलित विकास बोर्ड और पीडीए समाज के लिए वादे
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास बोर्ड बनेगा
अखिलेश यादव ने वादा किया सरकार में आते ही सभी वादे पूरे करेंगे। उन्होंने पीडीए समाज के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकार बनने पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘दलित विकास बोर्ड’ बनेगा। साथ ही पीडीए समाज के लिए 50 करोड़ तक के ठेके में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। कानून-व्यवस्था ठीक करेंगे। जाति-धर्म को देखे बिना माफिया जेल भेजे जाएंगे। बुजुर्ग महिलाओं के लिए भी नई योजना शुरू की जाएगी। अखिलेश यादव घोषणा पत्र जारी करते समय काफी आत्मविश्वास में दिखे। उनके आने से पहले मो. आजम खां बोल चुके थे। उन्होंने आते ही माइक संभला और सत्ताइस का संकल्प पत्र पीडीए का प्रमाणपत्र के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। उन्होंने सरकार में आने पर बिना किसी भेदभाव के काम करने का वादा किया।
रिक्त पदों, शिक्षा और परीक्षाओं पर घोषणाएं
एससी-एसटी के सभी पद भरेंगे
अखिलेश यादव ने पीडीए कार्ड चलते हुए वादा किया कि वर्ष 2028 तक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के सभी सरकारी रिक्त पदों को भरेंगे। निजी क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वर्ष 2029 तक भूख से मुक्ति दिलाएंगे और गरीबी का पूर्ण उन्मूलन करेंगे। वर्ष 2028 तक जाति आधारित जनगणना कराएंगे और इसके आधार पर 2029 तक सबको न्याय एवं हिस्सेदारी देंगे। शिक्षा मित्रों की बहाली तक 5000 मानदेय में वृद्धि का वादा किया। आउटसोर्स व्यवस्था को समाप्त कर पक्की नौकरी देने का वादा किया।
परीक्षाओं को भ्रष्टाचार मुक्त कराने का वादा
परीक्षाएं भ्रष्टाचार मुक्त होंगी, मंत्री अधिकारी जिम्मेदार होंगे
अखिलेश ने युवाओं को रिझाने के लिए वादा किया कहा कि सभी परीक्षाओं का भ्रष्टाचार मुक्त संचालन होगा। किसी भी अनियमितता के लिए मंत्री और अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
किसानों के लिए घोषणाएं
गन्ना किसानों के लिए बनेगा 15000 करोड़ का फंड
अखिलेश यादव ने कहा है कि गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में कराएंगे। भुगतान के लिए15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाया जाएगा। किसानों के ऋण माफ किए जाएंगे। फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देंगे। आलू टमाटर व प्याज के लिए सरकार मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था देगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में 1.5 लाख करोड़ की व्यवस्था करेंगे। गन्ना किसानों के लिए हर वर्ष गन्ना मूल्य बढ़ाएंगे।
