सावधान – सिलेंडर किल्लत के बीच साइबर ठग सक्रिय
सावधान – सिलेंडर किल्लत के बीच साइबर ठग सक्रिय
गैस कनेक्शन अपडेट के बहाने लोगों को बना रहे शिकार,ओटीपी बताते ही मिनटों में खाली हो रहा बैंक खाता
मुंबई: देशभर में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अब साइबर ठगों ने लोगों को ठगने का नया तरीका खोज लिया है। गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर आम लोगों के बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में डर और चिंता का माहौल बन गया है। आखाती देशों में चल रहे युद्ध के कारण गैस सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिसके चलते सिलेंडर की कमी हो रही है और इसी का फायदा साइबर अपराधी उठा रहे हैं। ठग अनजान नंबरों से फोन कर लोगों से कहते हैं कि उनका गैस कनेक्शन अपडेट करना जरूरी है, नहीं तो सेवा बंद कर दी जाएगी। इसके बाद वे मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी मांगते हैं। जैसे ही ग्राहक ओटीपी साझा करता है, उसका बैंक खाता कुछ ही मिनटों में खाली कर दिया जाता है। इसके अलावा, ठग बिजली बिल, आरटीओ चालान और केवाईसी अपडेट के नाम पर भी लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। ‘आज ही बिल भरें नहीं तो कनेक्शन काट दिया जाएगा’ जैसे संदेश भेजकर डर का माहौल बनाया जाता है। कई मामलों में लोगों को संदिग्ध लिंक भेजी जाती है, जिस पर क्लिक करते ही मोबाइल में वायरस या फिशिंग सॉफ्टवेयर एक्टिव हो जाता है और ठग मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और किसी के साथ ओटीपी साझा न करें। यदि किसी के साथ धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर १९३० पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
