Donald Trump's decision causes panic in India

Donald Trump – डोनाल्ड ट्रम्प ने शपथ लेने के 6 घंटे के अंदर ही बाइडेन के 78 फैसलों को पलटा…

अमेरिकी राष्ट्रपति के सख्त निर्णय… Donald Trump के निर्णय से भारत में हडक़ंप

डोनाल्ड ट्रम्प ने शपथ लेने के 6 घंटे के अंदर ही बाइडेन के 78 फैसलों को पलटा…

150 साल पुराना जन्मजात नागरिकता कानून होगा खत्म

ट्रंप के निर्णय से भारत में हडक़ंप

– अमेरिका में अवैध प्रवासियों की एंट्री बंद, थर्ड जेंडर की मान्यता खत्म

वॉशिंगटन । डोनाल्ड ट्रम्प ने सत्ता संभालते ही देश से लेकर विदेश तक अमेरिकी नीतियों में कई बड़े बदलाव लाने की बात कही। उन्होंने शपथ लेने के सिर्फ 6 घंटे के अंदर ही बाइडेन के 78 फैसलों को पलट दिया है। इसमें अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने, बच्चों की नागरिकता खत्म करने, डब्ल्यूएचओ और पेरिस जलवायु समझौता से अमेरिका को बाहर निकालने जैसे फैसले हैं। ट्रम्प ने जन्मजात नागरिकता को खत्म करने का फैसला किया है। उन्होंने उन माता-पिता के बच्चों को जन्मजात नागरिकता देने से इनकार करने का आदेश दिया है जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं या फिर अस्थायी वीजा लेकर रह रहे हैं। ट्रंप के इस निर्णय से भारत में हडक़ंप मच गया है।
जन्मजात नागरिकता कानून खत्म करने के ट्रम्प ने इस आदेश को लागू करने के लिए 30 दिन का समय दिया है। ट्रम्प का ये आदेश अमेरिकी बच्चों को मिलने वाले जन्मजात नागरिकता के अधिकार को चुनौती देता है। अमेरिकी संविधान का 14वां संशोधन बच्चों को जन्मजात नागरिकता की गारंटी देता है। अमेरिका में यह कानून 150 साल से लागू है। दुनिया में दो तरह से बच्चों को नागरिकता मिलती है। पहला- राइट ऑफ सॉइल यानी कि बच्चे का जहां जन्म हुआ हो, वह अपने आप वहां का नागरिक बन जाता है। दूसरा राइट ऑफ ब्लड यानी कि बच्चे के मां-बाप जहां के नागरिक हों, बच्चे वहीं के नागरिक माने जाएंगे। दरअसल, बहुत से गरीब देश या वे जगहें जहां लगातार युद्ध चल रहा हो, वहां के लोग अपने लिए ऐसी जगहें खोजने लगे, जहां राइट ऑफ सॉइल का नियम हो। अमेरिका पर इनकी तलाश पूरी हुई। ये बर्थ राइट सिटिजनशिप भी देता था। गरीब और युद्धग्रस्त देशों से आए लोग अमेरिका आकर और बच्चों को जन्म देते हैं। ये लोग पढ़ाई, रिसर्च, नौकरी के आधार पर अमेरिका में रुकते हैं। बच्चे का जन्म होते ही उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिल जाती है। नागरिकता के बहाने माता-पिता को अमेरिका में रहने की कानूनी वजह भी मिल जाती है। अमेरिका में यह ट्रेंड काफी लंबे समय से जोरों पर है। आलोचक इसे बर्थ टूरिज्म कहते हैं। प्यू रिसर्च सेंटर की 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक 16 लाख भारतीय बच्चों को अमेरिका में जन्म लेने की वजह से नागरिकता मिली है। ट्रम्प के फैसले की वजह से उनकी नागरिकता खतरे में आ जाएगी।
अवैध प्रवासियों को बाहर निकालेंगे
ट्रम्प ने देश में अवैध प्रवासियों की एंट्री बैन करने और अवैध प्रवासियों को पकड़ कर बॉर्डर पर छोडऩे की पॉलिसी का ऐलान किया। उन्होंने कहा- बाइडेन प्रशासन ने हमारे देश में अवैध रूप से एंट्री करने वाले खतरनाक अपराधियों को शरण दी है और उनकी हिफाजत की है। ट्रम्प ने अमेरिका-मेक्सिको के बॉर्डर (दक्षिणी बॉर्डर) पर इमरजेंसी लागू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यहां से होने वाली सभी अवैध एंट्री पर रोक लगाई जाएगी। सरकार अपराध करने वाले विदेशियों को उनके देश वापस भेज देगी। ट्रम्प ने कहा कि आज से अमेरिकी सरकार के लिए सिर्फ दो जेंडर होंगे पुरुष और महिला। मैं सभी सरकारी सेंसरशिप को तुरंत रोकने और अमेरिका में अभिव्यक्ति की आजादी को बहाल करने के लिए एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करूंगा। ट्रम्प ने राष्ट्रपति बनते ही 6 जनवरी 2021 को हुई कैपिटल हिल हिंसा के आरोप में गिरफ्तार हुए अपने करीब 1600 समर्थकों की सजा माफ कर दी है। जिन लोगों की सजा माफ हुई है उनमें कई देशद्रोह की साजिश जैसे मामलों के दोषी करार दिए जा चुके हैं। ये सभी लोग ट्रम्प के समर्थक थे। ट्रम्प का मानना है कि ये सभी देशभक्त हैं। जस्टिस डिपार्टमेंट ने उनके साथ गलत बर्ताव किया।
पनामा नहर वापस छीनने की धमकी दी
ट्रम्प ने कहा कि वे पनामा नहर को वापस ले लेंगे। उन्होंने कहा कि इस नहर की वजह से हमारे साथ बहुत बुरा बर्ताव किया गया है। इसे कभी गिफ्ट के तौर पर पनामा देश को नहीं दिया जाना चाहिए था। आज चीन पनामा नहर ऑपरेट कर रहा है। हमने इसे चीन को नहीं दिया। हमने इसे पनामा देश को दिया। हम इसे वापस लेने जा रहे हैं।
मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलने का ऐलान
ट्रम्प ने मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी करने का ऐलान किया। ट्रम्प पहले भी कह चुके हैं कि अमेरिका की खाड़ी का नाम ज्यादा ‘सुंदर’ लगता है और यही नाम रखना सही है।
पेरिस एग्रीमेंट से बाहर हुआ अमेरिका
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक बार फिर से अमेरिका को पेरिस जलवायु समझौते से अलग कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं इस एकतरफा पेरिस जलवायु समझौते से तुरंत हट रहा हूं। ट्रम्प ने अपने पहले कार्यकाल में भी अमेरिका को इस क्लाइमेट डील के अलग कर दिया था।
दूसरे देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान
ट्रम्प ने कहा है कि वे कनाडा और मेक्सिको पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा सकते हैं। यह फैसला लगभग 10 दिन बाद 1 फरवरी से लागू होगा। इस फैसले की वजह से कनाडा-मेक्सिको से अमेरिका आने वाले सामान पर बिजनेसमैन को 25 फीसदी टैक्स देना पड़ेगा। ट्रम्प ने कहा कि अब तक हमारे देश की सरकार दूसरे देशों को अमीर बनाने के लिए अपने देश को लोगों पर टैक्स लगाती थी। हम इसे बदलने जा रहे हैं, अब हम अपने देश के लोगों को अमीर बनाने के लिए अन्य देशों पर टैरिफ और टैक्स लगाएंगे।
इलेक्ट्रिक वाहन की अनिवार्यता खत्म
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनकी सरकार ग्रीन न्यू डील को समाप्त कर देगी। ग्रीन न्यू डील में क्लीन एनर्जी को बढ़ावा देने की बात की गई है। इसके साथ ही ट्रम्प ने इलेक्ट्रिक वाहन की अनिवार्यता को खत्म करने की बात की। ट्रम्प ने कहा कि दूसरे शब्दों में कहूं तो आप अपनी पसंद की कार खरीद सकेंगे।
क्यूबा को फिर से टेररिज्म स्पांसर कंट्री की लिस्ट में डाला
डोनाल्ड ट्रम्प ने क्यूबा को टेररिज्म स्पांसर कंट्री की ब्लैक लिस्ट से हटाने का फैसले रद्द कर दिया है। जो बाइडेन ने क्यूबा को ब्लैक लिस्ट से हटाने का फैसला किया था। इसके बदले में क्यूबा अपनी जेल से 500 से ज्यादा कैदियों को रिहा करता। क्यूबा सरकार ने ट्रम्प के फैसले की आलोचना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated

दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी……केजरीवाल और सिसोदिया सहित 21 को बरी करना अनुचित आदेश

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी……केजरीवाल और सिसोदिया सहित 21 को बरी करना अनुचित आदेश सीबीआई की याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी को नोटिस जारी किया नई दिल्ली । दिल्ली हाईकोर्ट ने आबकारी नीति मामले में सीबीआई की याचिका पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद […]