Watch Video: संसद में घुसे अनजान शख्स की सांसदों ने की खूब पिटाई
संसद में घुसे अनजान शख्स की सांसदों ने की खूब पिटाई, सामने आया वीडियो
नई दिल्ली। संसद की आज 22वीं बरसी पर लोकसभा में सुरक्षा की बड़ी सेंध देखने को मिली। दरअसल संसद की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे 2 अनजान शख्स सांसदों की सीट पर कूद गए। जिसके बाद सदन में हंगामा मच गया। सांसद यहां से वहां भागने लगे। इसी बीच कुछ सांसदों ने हिम्मत दिखाते हुए शख्स को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है किसी सांसद ने आरोपी को थप्पड जड़ा, तो किसी ने उसके बाल खींचे। इसके अलावा कुछ सांसदों ने पीठ पर मुक्का भी मारा। नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने सबसे पहले उस शख्स को दबोचा। इसके बाद सांसदों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद आरोपी को सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया। सोशल मीडिया पर सांसदों द्वारा आरोपी की पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि संसद के भीतर बवाल मचाने वाले शख्स का नाम सागर शर्मा और मनोरजंन है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा के रेफरेंस से लोकसभा में दाखिल हुए थे। सागर लखनऊ का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके पिता कारपेंटर है। सागर शर्मा की मां ने दावा किया है कि वो धरना-प्रदर्शन करने की बात कहकर घर से गया था।
