500 प्रतिशत टैरिफ की धमकी… ट्रंप की नई चाल से हिल गया भारत का शेयर बाजार
500 प्रतिशत टैरिफ की धमकी… ट्रंप की नई चाल से हिल गया भारत का शेयर बाजार
– सेंसेक्स 780 अंक टूटा, निफ्टी 25900 के नीचे
– निवेशकों के 8.11 लाख करोड़ स्वाहा…
– रूस के खिलाफ प्रतिबंधों से जुड़े बिल को ट्रम्प की मंजूरी, अगले हफ्ते संसद में वोटिंग, भारत पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगा सकता है अमेरिका
नई दिल्ली/वॉशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के खिलाफ कड़े प्रतिबंधों से जुड़े एक बिल को मंजूरी दे दी है। इस बिल में रूस से तेल खरीदने वाले देशों खासकर भारत, चीन और ब्राजील पर 500 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रावधान है। अमेरिका के इस कदम का असर भारतीय शेयर बाजार में दिखा। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लाल निशान पर बंद हुआ। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 780.18 अंक या 0.92 प्रतिशत गिरकर 84,180.96 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 263.90 अंक या 1.01 प्रतिशत गिरकर 25,876.85 पर बंद हुआ। बीएसई के मार्केट कैप के आधार पर निवेशकों की संपत्ति में पिछले सत्र के 479.94 लाख करोड़ रुपये से 8.11 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 471.82 लाख करोड़ रुपये रह गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और टेक महिंद्रा जैसी दिग्गज कंपनियों के कारण बाजार सूचकांकों पर दबाव बना रहा।
गौरतलब है कि रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने बताया कि व्हाइट हाउस में उनकी ट्रम्प से मुलाकात हुई, जिसमें राष्ट्रपति ने बिल को हरी झंडी दे दी। यह बिल पिछले कई महीनों से तैयार किया जा रहा था। इसे अगले हफ्ते संसद में वोटिंग के लिए लाया जा सकता है। इस बिल का नाम सेंक्शनिंग ऑफ रशिया एक्ट 2025 है। इसका मकसद उन देशों पर दबाव बनाना है, जो यूक्रेन युद्ध के बीच रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीद रहे हैं। अमेरिका का आरोप है कि इससे रूस को युद्ध लडऩे में मदद मिल रही है।
