West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल के पहले फेज में रिकॉर्ड तोड़ 92.57 मतदान, तमिलनाडु में 85.13 प्रतिशत मतदान दर्ज
West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल के पहले फेज में रिकॉर्ड तोड़ 92.57 मतदान, तमिलनाडु में 85.13 प्रतिशत मतदान दर्ज
कोलकाता/चेन्नई: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार रिकॉर्डतोड़ मतदान देखने को मिला है। दोनों राज्यों में इतनी बड़ी संख्या में वोट पड़े कि पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए और सियासी दलों के बीच जीत के दावे तेज हो गए। तमिलनाडु में 85.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 12 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर 92.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव से लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। बता दें कि देश के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी विधानसभा चुनाव में 90 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है।
‘भारी मतदान यह संकेत राज्य में बदलाव
बंगाल में मतदाताओं के इस उत्साह को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिकॉर्ड मतदान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारी मतदान यह संकेत देता है कि राज्य में बदलाव तय है और भाजपा की सरकार बनना निश्चित है। उन्होंने यह भी कहा कि 50 साल में उन्होंने बंगाल में इतना शांतिपूर्ण चुनाव नहीं देखा और यह ‘भय के खिलाफ भरोसे का चुनाव’ है। दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी इतनी जल्दी जीत का दावा कैसे कर रही है।
‘रैली के दौरान अमित शाह ने बीजेपी की जीत का दावा किया’
हुगली में रैली के दौरान अमित शाह ने बीजेपी की जीत का दावा किया, जबकि कोलकाता में ममता बनर्जी ने कहा कि जनता ने पोलिंग बूथ पर जाकर बीजेपी के खिलाफ गुस्सा निकाला है और पहले चरण के बाद ही तृणमूल की जीत तय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ‘पूड़ी की तरह फूल रही है, लेकिन 4 मई को जल जाएगी।’ ममता ने कहा कि जब EVM खुलेगी, तब बीजेपी को झटका लगेगा। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने वोट काटने का बदला लिया है और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए बड़ी संख्या में मतदान किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी जीती तो NRC और परिसीमन जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
