केरल में यूडीएफ की जीत पर रेवंत रेड्डी ने की राहुल गांधी की सराहना
केरल में यूडीएफ की जीत पर रेवंत रेड्डी ने की राहुल गांधी की सराहना
-ऐतिहासिक जीत करार देते हुए प्रचार अभियान को बताया निर्णायक
हैदराबाद। केरल विधानसभा चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है। इस मौके पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया है।
रेवंत रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह जीत कांग्रेस पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और दीपा दासमुंशी का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में यह बड़ी सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने केरल में चुनाव प्रचार के दौरान मिले समर्थन को भी याद किया। रेड्डी ने कहा कि वहां के लोगों ने उन्हें भरपूर स्नेह और अपनापन दिया, जिसके लिए वह व्यक्तिगत रूप से आभारी हैं। साथ ही उन्होंने तेलंगाना की जनता की ओर से भी केरल के लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना और केरल जैसे राज्य प्रगतिशील सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास को प्राथमिकता देने वाली यह सोच दोनों राज्यों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाएगी। उनके अनुसार, एक दशक की निराशा के बाद अब कांग्रेस सरकार के तहत एक नए दौर की शुरुआत होने जा रही है। फिलहाल, केरल में यूडीएफ की जीत के बाद कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
