IMD की रिपोर्ट : बिहार, यूपी और दिल्ली समेत देश के 30 सब-डिवीजन में सामान्य से कम बारिश
IMD की रिपोर्ट: बिहार, यूपी और दिल्ली समेत देश के 30 सब-डिवीजन में सामान्य से कम बारिश
नई दिल्ली: दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तर-आंतरिक ओडिशा (North Interior Odisha) पर स्थित अवदाब (Depression) सोमवार को आगे बढ़ा जिसकी वजह से ओडिशा और झारखण्ड में काफी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गयी. अगले 24 घंटों के दौरान, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड, उत्तर छत्तीसगढ़ तथा उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर से गुजरने की संभावना है. इसकी वजह से मंगलवार को झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है. भारत मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक, डॉ. शशिकांत ने एनडीटीवी से कहा, “आज महाराष्ट्र से बंगाल की खाड़ी तक घने बादल छाए हुए हैं. महाराष्ट्र, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा में अभी भारी बारिश हो रही है. जुलाई महीने में बारिश में सुधार होने से मध्य प्रदेश और उड़ीसा में बारिश की कमी खत्म हो गई है. हालांकि, इस सीजन के दौरान महाराष्ट्र में अभी भी बारिश की कमी है. मध्य भारत के इलाके अब तक बारिश की कमी से जूझ रहे थे लेकिन अब वे पॉजिटिव होने की तरफ आगे बढ़ रहे हैं.”लेकिन देश के अधिकतर हिस्सों में इस मॉनसून सीजन के दौरान औसत से कम बारिश रिकॉर्ड की गयी है, जिसको लेकर चिंता बढ़ रही है.सोमवार को जारी भारत मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, इस साल 01 जून से 06 जुलाई के बीच देश में बारिश औसत से 20% कम रिकॉर्ड की गयी है. आमतौर पर 01 जून से 06 जुलाई के बीच देश में औसतन 213.3 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस साल 06 जुलाई तक सिर्फ 170.7 मिलीमीटर बारिश हुई है.
