मूवी रिव्यू: ‘टॉक्सिक’ — यश का एक्शन भारी, लेकिन कहानी पड़ गई हल्की
मूवी रिव्यू: ‘टॉक्सिक’ — यश का एक्शन भारी, लेकिन कहानी पड़ गई हल्की
Actor : यश, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया
Director : गीतू मोहनदास
Category: Kannada,Hindi,English,Tamil,Telugu,Malayalam,
रेटिंग: 2.0
UNN @ Varsha Parikh : ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ यश के स्टारडम, स्टाइलिश एक्शन और भव्य विजुअल्स से भरपूर फिल्म है। फिल्म का डायलॉग—‘मेरी मदर टंग वायलेंस है रे’—इसके पूरे अंदाज की झलक देता है। गोलियों, धमाकों, हाई-टेक VFX और जबरदस्त एक्शन की भरमार है, जो ‘KGF’ की याद दिलाती है। करीब ₹500 करोड़ के बड़े बजट में बनी यह फिल्म विजुअली काफी शानदार है और यश अपने रॉकिंग अंदाज में पूरी तरह छाए रहते हैं। फिल्म में चार हीरोइन्स और हाई-वोल्टेज ड्रामा भी है, लेकिन इतने बड़े स्केल के बावजूद कहानी कमजोर कड़ी साबित होती है। फिल्म की सबसे बड़ी परेशानी इसकी उलझी हुई कहानी और जरूरत से ज्यादा हिंसा है। एक्शन लगातार चलता रहता है, लेकिन इमोशन और किरदारों से जुड़ाव उतना मजबूत नहीं बन पाता। 3 घंटे से ज्यादा की लंबाई भी कई जगह कहानी को खींचती हुई महसूस होती है। कुल मिलाकर, ‘टॉक्सिक’ यश के फैंस के लिए स्टाइल, एक्शन और भव्यता का पूरा पैकेज है, लेकिन अगर आप मजबूत कहानी और गहरे इमोशन की तलाश में हैं, तो फिल्म उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतरती।
फिल्म की कहानी
कहानी गोवा के ड्रग्स और क्राइम सिंडिकेट की दुनिया में सत्ता, परिवार और बदले के इर्द-गिर्द घूमती है। फ्लैशबैक के जरिए कहानी राया (यश) की दुनिया में ले जाती है। एक ऐसा शख्स जिसके लिए हिंसा सबसे बड़ा हथियार है। उसकी बहन गंगा (नयनतारा), जिसने बचपन से उसकी परवरिश की, उसके लिए बहन से कहीं बढ़कर है। राया का अपराध की दुनिया में दबदबा तब और बढ़ता है, जब वह सल्वाडोर (डैरेल डिसिल्वा) के करीब आता है। सल्वाडोर की प्रेमिका (हुमा कुरैशी), उसका भाई (अक्षय ओबेरॉय) और बेटी रेबेका (तारा सुतारिया) भी इसी साजिश और सत्ता के खेल का हिस्सा हैं।
सल्वाडोर अपनी बेटी रेबेका से राया की शादी करके इस क्राइम सिंडिकेट को और पुख्ता करना चाहता है। राया भी इसके लिए राजी है। लेकिन राया की जिंदगी तब करवट लेती है, जब उसकी मुलाकात सर्कस की खतरनाक और दिलकश कलाकार नादिया (कियारा आडवाणी) से होती है। दोनों के बीच पनपे जुनूनी प्यार की उन्हें इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ते है कि सबकुछ तहस-नहस हो जाता है।
