IND vs AFG T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को भी मिली जगह
IND vs AFG T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को भी मिली जगह
नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में ही तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसका पहला मुकाबला 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। इस बीच बीसीसीआई की ओर से टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम की कमान एक बार फिर से श्रेयस अय्यर के ही पास रहेगी। खास बात ये है कि जहां एक ओर वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली है, वहीं संजू सैमसन की एक बार फिर से वापसी हो गई है। इस बीच खास बात ये है कि जो टीम बीसीसीआई ने चुनी है, उसमें से चार के आगे स्टार लगा है। यानी अगर वे फिट होंगे, तभी खेल पाएंगे। इसमें नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा का नाम शामिल है। ये सभी खिलाड़ी पिछले कुछ वक्त से चोटिल थे। यानी अभी तक उनकी फिटनेस पर आखिरी अपडेट नहीं आया है। सीरीज के सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे, लेकिन इसकी मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी एसीबी कर रहा है। पहला मैच जैसा कि हमने आपको पहले ही बताया कि 13 सितंबर को है, इसके बाद दूसरा मैच 15 और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा। अफगानिस्तान की ओर से पहले ही स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है। जल्द ही टीम यहां आकर अपनी तैयारी शुरू कर देगी।
