पति ने बाहर से बंद किया कमरा, सुबह बिस्तर पर मिली शिवानी की लाश; लव मैरिज के डेढ़ साल बाद दर्दनाक अंत
पति ने बाहर से बंद किया कमरा, सुबह बिस्तर पर मिली शिवानी की लाश; लव मैरिज के डेढ़ साल बाद दर्दनाक अंत
नई दिल्ली: झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा का शव उसके कमरे में बिस्तर पर मिला। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और उसके पति यश ठाकुर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच यश ने शिवानी की छोटी बहन मुस्कान से अपना बैग और सामान मांगा। बताया जा रहा है कि बैग लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया। सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने बाथरूम जाने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर से कुंडी लगी हुई थी। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने कमरे की कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी मिली। परिजनों का कहना है कि काफी आवाज देने के बाद भी शिवानी नहीं उठी। उसके हाथ अकड़े हुए थे और मुंह से खून निकल रहा था।
आनन-फानन में परिजन शिवानी को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने शिवानी के पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहता था और यश पर शिवानी के साथ मारपीट करने के भी आरोप लगाए गए हैं। इसी वजह से शिवानी पिछले 2-3 महीने से झांसी में अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी।
