पाकिस्तान ने मसूद अजहर पर इनाम बढ़ाकर 70 लाख किया:भारतीय संसद, पठानकोट-पुलवामा हमले में आरोपी, FATF की बैठक से पहले एक्शन
पाकिस्तान ने मसूद अजहर पर इनाम बढ़ाकर 70 लाख किया:भारतीय संसद, पठानकोट-पुलवामा हमले में आरोपी, FATF की बैठक से पहले एक्शन
पाकिस्तान ने भारतीय संसद पर हमले के आरोपी जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के प्रमुख मसूद अजहर पर इनाम बढ़ाकर 70 लाख पाकिस्तानी रुपए कर दिया है। पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) ने आतंकियों की नई रेड बुक में अजहर को एक बार फिर भगोड़ा घोषित किया है। यह कार्रवाई अक्टूबर में होने वाली फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की बैठक से पहले की गई। FIA ने अजहर को 2021 में भी भगोड़ा घोषित किया था और 50 लाख इनाम रखा था। मसूद अजहर भारत में संसद के अलावा 2016 पठानकोट एयरबेस हमले और 2019 पुलवामा अटैक में भी आरोपी है।
इससे पहले भी वह उसने FATF की ग्रे लिस्ट में जाने से बचने के लिए 2021 से यह दावा करना शुरू कर दिया था कि मसूद अजहर उसकी धरती पर नहीं हैं। वह अफगानिस्तान भाग गया है। जबकि फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने उसी समय मसूद अजगह पर 50 लाख का इनाम रखा था। अब करीब 5 साल बाद इनाम बढ़ाकर 70 लाख कर दिया है।
कहां है मसूद अजहर?
पाकिस्तान 2021 से लगातार यह कह रहा है कि मसूद अज़हर अफ़गानिस्तान में छिपा है। वहीं पिछले छह महीनों में भारतीय इंटेलिजेंस एजेंसियों के टेक्निकल एनालिसिस से पता चला है कि वह पाकिस्तान के सिंध प्रांत के नवाबशाह शहर में छिपा हुआ है। इससे पहले एक इंटरव्यू में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा था कि पाकिस्तान को नहीं पता है कि जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर का ठिकाना कहां है। उन्होंने कहा कि अगर भारत, पक्के सबूत देता है कि मसूद अजहर पाकिस्तान में है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मसूद अज़हर के अलावा, FIA की नई अपडेटेड रेड बुक में 26/11 के मुंबई हमलों में शामिल 19 आतंकवादियों के नाम हैं, जिन्होंने इस हमले के ऑपरेटिव्स की मदद की, उन्हें फाइनेंस किया या उनके लिए नावों की व्यवस्था की। जबकि इनमें से 17 आतंकवादियों को उनकी तस्वीरों और 26/11 में खास भूमिकाओं के साथ लिस्ट किया गया है। पाकिस्तान ने चुपके से दो आतंकवादियों की तस्वीरें, लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ाव और ऑपरेशनल भूमिकाओं की डिटेल हटा दी है, सिर्फ़ उनके नाम रखे हैं।
