38 देशों के साथ फ्री ट्रेड समझौते ऐतिहासिक उपलब्धि : राजनाथ सिंह
38 देशों के साथ फ्री ट्रेड समझौते ऐतिहासिक उपलब्धि : राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि भारत की अर्थव्यवस्था अभूतपूर्व गति से प्रगति कर रही है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। दुनिया के कई बड़े देश जब आर्थिक मंदी का सामना कर रहे हैं, तब भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 7.2 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रही है। रक्षा मंत्री ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने करीब 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। यह भारत के व्यापारिक इतिहास में एक अनोखा मील का पत्थर है। इन समझौतों ने बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बाजार भारतीय निर्मित उत्पादों के लिए खोल दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने बीते एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। यह संख्या दुनिया के कई देशों की कुल आबादी से भी अधिक है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी इसकी प्रशंसा की है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की आर्थिक वृद्धि में 16 प्रतिशत से अधिक का योगदान दे रहा है। देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा, “12-13 साल पहले, करंट एकाउंट्स डेफिसिट, सकल घरेलू उत्पाद के 4 प्रतिशत से भी अधिक था। पिछले साल यह घटकर लगभग आधा प्रतिशत, यानी 0.61 प्रतिशत रह गया है। आज हमारे विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर से अधिक हैं। हमारी बैंकिंग व्यवस्था आज सबसे मजबूत स्थिति में है।”
