अमूल और मदर डेयरी का दूध दो से चार रुपये प्रति लीटर महंगा, आज से लागू नई दरें
अमूल और मदर डेयरी का दूध दो से चार रुपये प्रति लीटर महंगा, आज से लागू नई दरें
नई दिल्ली। प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी गुरुवार से लागू होगी। यह निर्णय किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने और ईंधन के खर्च में बढ़ोतरी के कारण किया गया है। बुधवार को जारी एक बयान में, अमूल ब्रांड के तहत दूध बेचने वाले गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने कहा कि उसने गुरुवार से दूध की कीमतों में 2-4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। एनसीआर में सबसे बड़ी दूध आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने भी दाम दो से चार रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं, जो गुरुवार से लागू होंगे। मदर डेयरी ने एक बयान में कहा कि इनपुट और परिचालन लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध के दाम में यह बदलाव करना जरूरी हो गया। सहकारी संस्था जीसीएमएमएफ और मदर डेयरी ने इससे पूर्व इस साल मई में दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की थी। जीसीएमएमएफ ने पूरे भारत में बेचे जाने वाले ताजे पाउच दूध (विभिन्न प्रकार/पैक) के दामों में 4-5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
