सलमान के बाद अब आयुष्मान बनेंगे नया ‘प्रेम’, सूरज बड़जात्या ने खोला कास्टिंग का राज
सलमान के बाद अब आयुष्मान बनेंगे नया ‘प्रेम’, सूरज बड़जात्या ने खोला कास्टिंग का राज
Mumbai: बॉलीवुड में पारिवारिक मनोरंजन की अपनी अलग पहचान रखने वाले निर्देशक सूरज आर. बड़जात्या एक बार फिर प्रेम के किरदार के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। फिल्म के ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रिया के बीच निर्देशक ने खुलासा किया है कि प्रेम की भूमिका के लिए आयुष्मान खुराना ही उनकी पहली और एकमात्र पसंद थे।
पहले दिन की शूटिंग में ही जीत लिया निर्देशक का भरोसा
ट्रेलर लॉन्च के दौरान सूरज बड़जात्या ने बताया कि फिल्म का विषय सामने आते ही उनके मन में आयुष्मान खुराना का नाम आया। उनके मुताबिक, आयुष्मान की सोच, सामाजिक मुद्दों को समझने का नजरिया और अपनी बात सहजता से रखने की क्षमता इस किरदार के लिए बिल्कुल उपयुक्त है।
निर्देशक ने कहा कि फिल्म का प्रेम अपने सरल और कोमल स्वभाव के जरिए समाज और रिश्तों से जुड़े अहम सवाल उठाता है। आयुष्मान की शख्सियत में उन्हें इस किरदार की स्वाभाविक झलक दिखाई दी।
सूरज बड़जात्या ने आयुष्मान के अभिनय की तारीफ करते हुए बताया कि शूटिंग के पहले दिन ही अभिनेता ने प्रेम के किरदार की मूल भावना को समझ लिया था। उनके अभिनय और किरदार की समझ से निर्देशक इतने प्रभावित हुए कि उन्हें किसी तरह के अतिरिक्त निर्देशन या हस्तक्षेप की जरूरत महसूस नहीं हुई।
परिवार, रिश्ते और परंपराओं की कहानी
फिल्म का ट्रेलर राजश्री प्रोडक्शंस की पारिवारिक मनोरंजन वाली परंपरा की झलक पेश करता है। आयुष्मान खुराना और शरवरी की नई जोड़ी कहानी का प्रमुख आकर्षण है। वहीं, हिमेश रेशमिया का संगीत भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
फिल्म में शादी, परिवार और रिश्तों के साथ परंपराओं से जुड़े सवालों को भी जगह दी गई है। आयुष्मान का किरदार परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके भीतर छिपे सवालों को सामने लाता नजर आएगा।
सलमान खान को बताया ‘ओजी प्रेम’
आयुष्मान खुराना ने इस प्रतिष्ठित भूमिका को लेकर सलमान खान के प्रति सम्मान जाहिर किया है। उन्होंने सलमान को ‘ओजी प्रेम’ बताते हुए राजश्री की इस विरासत को अपने अंदाज में आगे बढ़ाने को खास जिम्मेदारी बताया है।
27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक
सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी के अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक कपूर, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से निर्मित यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि आयुष्मान का नया प्रेम दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बना पाता है।
