Yadav Transfers 1,836 Crore to 1.25 Crore Ladli Behna

Madhya Pradesh: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किए 1836 करोड़ रुपये

Madhya Pradesh: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किए 1836 करोड़ रुपये

महाविद्यालयीन और विद्यालयीन छात्राओं के लिए तीन शिक्षण संस्थाओं में नई सौगात

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

योजना में मध्यप्रदेश की बहनों को अब तक 55 हजार करोड़ की राशि प्रदत्त

सीहोर जिले के आष्टा में 184 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2 सांदीपनि विद्यालय का किया लोकार्पण

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बेटियों और बहनों के विकास के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। स्वतंत्रता के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार नारी सशक्तिकरण का बड़ा कार्य इसी माह होने जा रहा है। अब लोकसभा और विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संसद की विशेष तीन दिवसीय बैठक 16 अप्रैल से होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हमारी सरकार अब तक लाड़ली बहन योजना के माध्यम से बहनों को 55 हजार करोड़ से अधिक राशि दे चुकी है। आज आष्टा से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये अंतरित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में मातृ सत्ता की व्यवस्था है। अब प्रदेश में हर माह रक्षाबंधन मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लाड़ली बहना योजना की 35 वीं किश्त की राशि 1836 करोड़ रुपये हितग्राही बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित किये।
महाविद्यालयीन और विद्यालयीन छात्राओं के लिए तीन शिक्षण संस्थाओं में नई सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आष्टा की छात्राओं के लिए आज विशेष सौगात का दिन है। मुख्यमंत्री ने कन्या महाविद्यालय और कन्या विद्यालय में छात्रावास के साथ कन्या विद्यालय के भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों को अच्छे से अच्छी शिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीहोर जिले के आष्टा में आज त्रिवेणी संगम है। आष्टा मां पार्वती नदी की उद्गम स्थली है। यहां के सांदीपनि विद्यालयों में 90 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट स्कूल छोड़कर आए हैं। राज्य सरकार विद्यार्थियों को 4 लाख साइकिलें वितरित कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर बच्चों को स्कूटी दी जा रही है।
किसान कल्याण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष मनाने का निर्णय लिया। किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। किसानों के लिए अकेले दो साल में लगभग 10 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ गया है। गेहूं पर 40 रुपए बोनस देकर 2625 रुपए प्रति क्विंटल खरीद की जा रही है। अब गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई कर किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली दे रहे हैं। सिर्फ 5 रुपए में बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां हैं। अकेले सीहोर में 1 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की दीदियां हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों की 65 लाख से अधिक बहनें सशक्त हुई हैं। राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत विवाह के लिए 55 हजार रुपए की राशि दे रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 184 करोड़ की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। इनमें आष्टा एवं जावर में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं में पात्र लोगों को हितलाभ भी वितरित किये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कीं ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, महाविद्यालय में कन्या छात्रावास निर्माण, नाला निर्माण, जावर में शहरी सौंदर्यीकरण, जिला स्तरीय अनुसूचित बालक-बालिका छात्रावास निर्माण और आष्टा में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नवीन भवन निर्माण, जावर महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने, गुराड़िया खुर्द बैराज निर्माण, दूधी नदी पर नय बैराज, नहर निर्माण, गीता भवन बनाने की घोषणा की।
सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से किया वादा पूरा करते हुए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपए की, यह राशि आगे बढ़ती जाएगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश की बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। बहनों को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के लिए इसी माह 16 अप्रैल से लोकसभा का सत्र आयोजित किया जाएगा। विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेतृत्व में आष्टा को लगातार सौगातें मिल रही हैं। यहां दो नवीन सांदीपनि विद्यालय, एसडीएम कार्यालय, महाविद्यालय छात्रावास, 54 सामुदायिक भवन और अनेक सड़कों का लोकार्पण हुआ है। महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री सुदेश राय, विधायक श्री उमाकांत भार्गव सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।
दो किलोमीटर लंबे रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब
आष्टा नगर में रविवार को उस वक्त एक ऐतिहासिक और अभिभूत कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत में नागरिकों ने पलक पावड़े बिछाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा और हर वर्ग के लोगों ने अपार उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता से नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। करीब दो किलोमीटर लंबे रोड-शो के दौरान शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह नागरिकों द्वारा लगातार पुष्प वर्षा की गई, फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया तथा पगड़ी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे मार्ग पर स्वागत के भव्य नजारे देखने को मिले, जहां हर कदम पर लोगों का उत्साह चरम पर नजर आया।
इस भव्य स्वागत में विभिन्न क्षेत्रों से आईं 35 से अधिक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थाओं ने भी सहभागिता कर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। संस्थाओं द्वारा बाबा महाकाल, भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं राजा भोज के चित्र भेंट कर अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया गया।
रोड-शो के दौरान कई स्थानों पर विशेष रूप से बड़ी-बड़ी फूल मालाएं तैयार की गईं, जिनसे मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतीक चिन्ह भी भेंट किए गए, जो इस स्वागत को और अधिक भव्यता प्रदान कर रहे थे। पूरा आष्टा नगर आज एक उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया, जहां हर गली और चौराहे पर लोगों का उत्साह और प्रेम साफ झलक रहा था। नागरिकों का यह अभूतपूर्व स्वागत न केवल मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी परिचायक है।
छात्रों से संवाद कर करियर और नेतृत्व पर दिया मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टा स्थित सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण करने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य और करियर को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने छात्रों से पूछा कि कौन डॉक्टर, शिक्षक, इंजीनियर बनेगा, कौन अपना उद्योग स्थापित करेगा और कौन राजनीति में आएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्रों में करियर बनाने के साथ राजनीति में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, क्योंकि भविष्य में देश का नेतृत्व उन्हें ही करना है।
संवाद के दौरान उस समय कक्षा में विशेष उत्साह का माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूछा कि कितने विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों से सांदीपनि स्कूल में प्रवेश लिया है। इस पर सभी 32 विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर बताया कि वे प्राइवेट स्कूल से यहां आए हैं। मुख्यमंत्री ने इसे सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि सांदीपनि स्कूल की बेहतर शिक्षा और व्यवस्थाओं की जानकारी विद्यार्थी अपने माता-पिता और मित्रों को भी दें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सांदीपनि स्कूलों में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जो किसी भी निजी स्कूल से कम नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं—महक, मुस्कान, सपना, आराधना और माही सहित अन्य विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर अपने चुने हुए क्षेत्रों में सफलता हासिल करें और साथ ही देश के जिम्मेदार नागरिक बनें, जिससे भारत का निर्माण उनके सपनों के अनुरूप हो सके।
सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टा एवं जावर में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। आष्टा का ये भवन लगभग 61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रथम चरण में यह भवन 15 एकड़ में बनाया गया है। इसी तरह जावर के सांदीपनि विद्यालय की लागत 39.45 करोड़ रुपये है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को नए भवनों की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसे विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय में सर्व सुविधा युक्त लाइब्रेरी व कम्प्यूटर लैब भी बनाई गई है। विद्यालय में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग भी सुनिश्चित की गई। साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया गया है। विद्यालय में वर्तमान में करीब 3800 छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं। यहाँ केजी-1 से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध है। विद्यालय में आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और कृषि संकाय संचालित किए जा रहे हैं। विद्यालय में 160 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और 90 कक्ष बनाए गए हैं। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में खेल मैदान और बॉटनिकल गार्डन भी है। परिवहन सुविधा के तहत 16 बसें संचालित की जा रही हैं, जो आसपास के लगभग 100 गाँवों से विद्यार्थियों को निःशुल्क विद्यालय तक लाती हैं।
मुख्यमंत्री ने बाबा साहब अंबेडकर को किया नमन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टा में रोड-शो के दौरान अंबेडकर धर्मशाला पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित कर संविधान निर्माण में बाबा साहब के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से बाबा साहब के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आहवान किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated

India Rising: Road to EWC Powered by BASF Concludes in Mumbai with CM’s Address, Benjamin Bok Secures Esports World Cup 2026 Spot

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱India Rising: Road to EWC Powered by BASF Concludes in Mumbai with CM’s Address, Benjamin Bok Secures Esports World Cup 2026 Spot Mumbai: CM of Maharashtra Shri. Devendra Fadnavis positions Maharashtra as a future hub for gaming and esports as India Rising: Road to EWC brings together global competition, creators […]

राम मंदिर चोरी: चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन कार्यवाहक महासचिव नियुक्त

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱राम मंदिर चोरी: चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन कार्यवाहक महासचिव नियुक्त अयोध्या । राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की हुई पहली महत्वपूर्ण बैठक में बड़े फैसले हुए हैं। ट्रस्ट ने महासचिव […]