MP: indore: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में सफाई मित्रों को चरण पादुकाएं पहनाई
MP: indore: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में सफाई मित्रों को चरण पादुकाएं पहनाई
मुख्यमंत्री इंदौर में जन कल्याण अभियान के समापन कार्यक्रम में हुए शामिल
सफाई मित्रों को किया सम्मानित और पहनाई पादुकाएँ
इंदौर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में विभिन्न योजनाओं में चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों को सुरक्षा के लिये पीपीई किट प्रदान किये। साथ ही सफाई मित्रों को पादुकाएँ भी पहनाई। हितलाभ वितरण के समय अनेक वृद्धजनों ने योजनाओं से लाभान्वित होने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आशीर्वाद भी दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मश्री के लिये चयनित श्री भैरवसिंह चौहान का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार बाबा साहेब अम्बेडकर के आदर्शों को अपनाकर विकास को गति दे रही है। साथ ही उनके समरसता और समानता के सिद्धांत को अपनाकर हर वर्ग का उत्थान किया जा रहा है। श्री देवड़ा ने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिला वर्ग के लिये मिशन बनाकर प्रदेश में तेज गति से काम हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्प के तहत विकसित और आत्म-निर्भर देश और प्रदेश को बनाने में सभी वर्गों से सहयोग का आह्वान किया। केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने कहा कि आजादी के बाद से अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लिये जो काम नहीं हुए उन्हें प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सरकार का मिलकर कर रही है। केन्द्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि अनुसूचित वर्ग के सम्मान के लिये महू को पंचतीर्थ में से एक घोषित किया गया है। हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान के लिये जनजातीय वर्ग के भैरू सिंह चौहान का चयन किया गया है। सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि संविधान के रचियता बाबा साहेब अम्बेडकर के विचारों को साकार करने का काम केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर कर रही है। पूर्व मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने स्वागत भाषण देते हुए बाबा साहेब अम्बेडकर के अभूतपूर्व योगदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया, सांसद श्री शंकर ललवानी, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, श्री महेन्द्र हार्डिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने वाले नागरिक मौजूद रहे।

