यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, गठबंधन को लेकर 17 नवंबर को होगी दोनों पार्टियों की बैठक
यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने सपा से मांगी 181 सीटें, गठबंधन को लेकर 17 नवंबर को होगी दोनों पार्टियों की बैठक
लखनऊ। विधान सभा चुनाव के लिए गठबंधन में कांग्रेस द्वारा मांगी गई सीटाें की संख्या खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बता दी है। उन्होंने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में साफ किया कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग की है।
सपा प्रमुख ने कांग्रेस से अच्छी दोस्ती का हवाला दिया और बंटवारे पर आसानी से निर्णय होने का भी संकेत दिया, परंतु इस संख्या पर दोनों दलों के बीच मोलभाव होना तय है, क्योंकि सपा की ओर से 100 से कम सीटें दिए जाने के संकेत अब तक दिए जाते रहे हैं। शनिवार को एक तरफ सपा प्रमुख ने सीटों की संख्या बताई तो दूसरी तरफ कांग्रेस के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना ने बताया कि दोनों दलों के नेता 17 नवंबर को सीट बंटवारे पर वार्ता करेंगे। इस बातचीत में दोनों के लिए रणनीतिक और सम्माजनक नतीजे तक पहुंचने की चुनौती होगी। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं। विधानसभावार प्रदर्शन के आधार पर उस चुनाव में सपा को 183 और कांग्रेस को 39 क्षेत्रों में बढ़त मिली थी। कांग्रेस इसी आधार पर अपनी राजनीतिक जमीन बढ़ाना चाहती है। वहीं, सपा गठबंधन सहित पूरे चुनाव को अपनी रणनीति पर केंद्रित रखना चाहती है। सपा प्रमुख पहले ही सीट बंटवारे में जीत की संभावना को मुख्य आधार बनाने की बात कह चुके हैं।
