मध्यप्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा - केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह - Update Now News

मध्यप्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा – केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

मध्यप्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा – केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

MP: मध्यप्रदेश में हो रहा औद्योगिक विकास भारत को नई औद्योगिक ऊंचाइयों पर ले जाने में होगा सहायक : केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

मध्यप्रदेश को सम्पूर्ण भारत देख रहा है आशा और विश्वास के साथ
प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ही औद्योगिक विकास के लिए जाना जाएगा मध्यप्रदेश
रेल हब फॉर मैन्युफेक्चरिंग इकाई से बहेगी विकास और रोजगार की गंगौत्री: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
रायसेन जिले में हुआ 1800 करोड़ रुपए की लागत के रेल कोच निर्माण इकाई का भूमि-पूजन

भोपाल : केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भगवान श्रीमहाकाल के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश हो रहा औद्योगिक विकास भारत को नई औद्योगिक ऊंचाइयों पर ले जाने में सहायक होगा। सम्पूर्ण भारत मध्यप्रदेश को आशा और विश्वास से देख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तेजी से औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं, भविष्य में मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य के साथ औद्योगिक विकास के लिए भी पहचाना जाएगा। मध्यप्रदेश में रक्षा क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण क्षमता, संसाधन और सभी आवश्यक विशेषताएं विद्यमान हैं। यहां 1800 करोड़ रुपए के निवेश से आरंभ हो रहे रेल कोच निर्माण केंद्र से 5 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा और आसपास के क्षेत्र का भी विकास होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्तमान केंद्रीय मंत्री तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया है। जहां नेतृत्व शानदार हो वहां विकास भी तेजी से होता है। मध्यप्रदेश, देश में मॉडर्न प्रदेश के रूप में जाना जाएगा।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह “विकास की नई पहचान – स्वदेशी अभियान” के अंतर्गत भोपाल जिले की सीमा पर रायसेन जिले के ग्राम उमरिया में 1800 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होने वाली अत्याधुनिक रेल कोच निर्माण इकाई का भूमि-पूजन कर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। मुझे यह जानकर खुशी हुई कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में उद्योगों के लिये 48 हजार हेक्टेयर का भूमि बैंक तैयार किया है और अधिक से अधिक उद्योग लगाने के सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। नवीन औद्योगिक इकाइयों को इंटरनेट, फैक्ट्री शेड, कनेक्टिविटी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह विशेष पहल रही कि आज जिस रेल कोच निर्माण इकाई का भूमिपूजन हुआ है, उसके लिये बीईएमल को पिछले मई माह में भूमि आवंटित कर दी गई थी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अगले दो साल में यह इकाई काम करना शुरू कर देगी।

विश्व में भारत की पहचान दबंग और गतिशील अर्थव्यवस्था के रूप में हुई

केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विश्व में भारत की पहचान दबंग और गतिशील अर्थव्यवस्था के रूप में हुई है। मेक इन इंडिया के माध्यम से भारत में सभी क्षेत्रों में उपकरणों के निर्माण में वृद्धि हुई है। वर्ष 2014 के बाद भारत का रक्षा क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है, इस क्षेत्र में पहले भारत से 600 करोड़ का निर्यात था जो अब 24 हजार करोड़ से अधिक हो चुका है। केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विकास और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में शोध को प्रसारित करने की आवश्यकता भी बताई।

हमने धर्म नहीं कर्म देखकर भारत की आत्मा पर प्रहार करने वालों को मारा

केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन कर ही दम लेगा। उन्होंने पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्या के संबंध में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आतंकियों को मुंह तोड़ जवाब दिया। हमने धर्म नहीं कर्म देखकर भारत की आत्मा पर प्रहार करने वालों को मारा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का संकल्प है कि जो हमें छेड़ेगा हम उसे छोड़ेंगे नहीं।

परियोजना से पूरे प्रदेश के लिए औद्योगिक विकास के खुलेंगे नए द्वार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड की रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगी। इससे विकास और रोजगार की गंगौत्री बहेगी। इस परियोजना से भोपाल, रायसेन, सीहोर और विदिशा ही नहीं, पूरे प्रदेश के लिए औद्योगिक विकास के नए द्वार खुलेंगे। कुल 148 एकड़ में बनने वाली बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) की यह इकाई हाई-वे, रेल और हवाई मार्ग से सीधे जुड़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रायसेन प्रदेश का एकमात्र ऐसा जिला है जहां एक ओर सांची की आध्यात्मिकता है, वहीं भीमबेटका हमें अपनी विरासत पर गर्व करने का आधार प्रदान करती है। जिले के मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में प्रदेश के साथ ही देश के अलग-अलग भागों से आए लोग रोजगार पा रहे हैं और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। आध्यात्मिकता और औद्योगिक क्रांति की धरती रायसेन से देश को रेल निर्माण इकाई के माध्यम से नई गति और रक्षा उत्पादन से शक्ति मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्मा परियोजना को प्रदेश में स्थापित करने की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के लिए राज्य सरकार और प्रदेशवासी, प्रधानमंत्री श्री मोदी और केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह के आभारी हैं।

डिफेंस कॉरिडोर निर्माण के लिए सहमति प्रदान करने का अनुरोध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उन्होंने केन्द्रीय रक्षा मंत्री से मध्यप्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर निर्माण के लिए सहमति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता का संकल्प सामने रख स्वदेशी को नया आंदोलन बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने ने कहा कि प्रदेश औद्योगिक विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। राज्य सरकार रोजगार परक उद्योग लगाने के लिए हर दूसरे दिन औद्योगिक विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में संभागीय स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से 38 हजार करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों के लोकार्पण और भूमिपूजन किए जा चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी और रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से प्रदेश के विकास के लिए सौगातों का सिलसिला इसी प्रकार निरंतर जारी रखने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की कृषि विकास दर में तेजी से वृद्धि हुई है, राज्य सरकार प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

देश का पहला नदी जोड़ो अभियान प्रदेश में हुआ क्रियान्वित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार से देश ने अपना स्वरूप बदला है, व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं, उसी प्रकार भारतीय रेल की सूरत बदली है। यात्रियों को आधुनिकतम सुविधाएं और समयबद्ध रेल संचालन की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में देश का पहला नदी जोड़ो अभियान केन-बेतवा परियोजना प्रदेश में शुरू हो चुकी है। एक लाख करोड़ रुपए की इस परियोजना से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल के साथ उद्योगों और पेयजल के लिए भी जलापूर्ति सुलभ होगी। इस परियोजना से बुंदेलखंड सहित मालवा और चंबल क्षेत्र में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऑपरेशन सिंदूर में केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह के नेतृत्व में सेना द्वारा प्रदर्शित पराक्रम और पुरुषार्थ का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व ने भारत के शौर्य और सक्षमता को स्वीकारा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रायसेन जिले में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता करने, पात्र व्यक्तियों को पट्टे दिलवाने और उनके मकान बनवाने सहित आवश्यकतानुसार स्कूल, कॉलेज और अस्पताल निर्माण के लिए जिला कलेक्टर को निर्देश दिए।

किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा: केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में सेना ने पराक्रम दिखाया। प्रधानमंत्री श्री मोदी और रक्षामंत्री पर हमें गर्व है, इनके नेतृत्व में भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं और देश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। उमरिया को रेलवे कोच निर्माण की सौगात मिली है, अब ब्रह्मा परियोजना से क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा, यह क्षेत्र देश का विशेष औद्योगिक क्षेत्र बनेगा। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का परियोजना के लिये अविलंब भूमि उपलब्ध कराने के लिये आभार माना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा है कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश को और मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाना है, हम सभी प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ हैं। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने उपस्थित जन समुदाय से स्वतंत्रता दिवस, गणेश उत्सव और दिवाली स्वदेशी सामान के साथ मनाने का आहवान किया। उन्होंने बताया कि सोमवार को प्रदेश के किसानों के खातों में फसल बीमा के 1156 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे।

मध्यप्रदेश रेलवे की मैन्युफ्रैक्चरिंग और एक्सपोर्टिंग का केंद्र बनेगा: केन्द्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव

केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में रेलवे ने बहुत प्रगति की है। गत 11 वर्षों में 35 हजार किलोमीटर पटरियां बिछाई गई और 51 हजार किलोमीटर ट्रैक का विद्युतीकरण किया गया, 40 हजार से अधिक कोच को लाइट वेट कोच से अपग्रेड किया गया और कई नई ट्रेन आरंभ की गई। आज विकास की इस माला में एक नया मोती जुड़ेगा। यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वदेशी के संकल्प का नया उदाहरण है। मध्यप्रदेश रेलवे की मैन्यूफ्रैक्चरिंग और एक्सपोर्टिंग का केंद्र बनेगा। इस फैक्ट्री से 5000 से अधिक रोजगार उपलब्ध होंगे। हम प्रधानमंत्री श्री मोदी के “मेक इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं।

18 महीने में पहला स्टॉक रोल आउट करने का प्रयास होगा

प्रेसिडेंट एंड सीएमडी बीईएमएल श्री शांतनु राय ने कहा कि बीईएमएल ने 61 साल से देश की कई रेल, खनन एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया, वर्ष 1964 से बीईएमएल की शुरुआत हुई। यह कंपनी रक्षा, रेल और खनन क्षेत्र में कार्य़ करती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी, रक्षा मंत्री श्री सिंह एवं रेल मंत्री श्री वैष्णव के नेतृत्व में रक्षा और रेल क्षेत्र में नए-नए कीर्तिमान गढ़े गए हैं।

मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थापना में दिया हरसंभव सहयोग

श्री राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने बीईएमएल के बेंगलुरू स्थित मुख्यालय आकर रायसेन उमरिया में ब्रह्मा परियोजना स्थापित करने के लिए भूमि आवंटन के पत्र सौंपे और तत्परता पूर्वक परियोजना स्थापना के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस पहल से ही यहां इतनी शीघ्रता से परियोजना का भूमिपूजन संभव हो पाया है। श्री राय ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेंगलुरु के बाद बीईएमएल का उमरिया में रेलवे का दूसरा रोलिंग स्टॉक यूनिट है। यहां से 18 महीने में पहला स्टॉक रोल आउट करने का प्रयास होगा। यहां अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए लाइट वेट एल्युमीनियम रेलवे कोच भी तैयार किए जाएंगे। इकाई में सुरक्षा और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। भविष्य में यहां रक्षा उत्पादों का निर्माण भी किया जाएगा। यह इकाई सामाजिक बदलाव का केंद्र बनेगी और मेक इन इंडिया के विजन को मजबूत करेगी।

मंत्रोच्चार के साथ हुआ शिलान्यास

केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने वेद मंत्रोच्चार के बीच उमरिया में आधुनिक रेल कोच निर्माण के लिए ब्रह्मा परियोजना (बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्यूफेक्चरिंग) का शिलान्यास किया। ब्रह्मा परियोजना पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही बीईएमएल परियोजना के प्रस्तावित प्लांट का 3डी वॉक थ्रू और नये संयंत्रों की मॉडल प्रदर्शनी का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, रायसेन जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार, भोजपुर विधायक श्री सुरेंद्र पटवा, बीईएमएल के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated

IMD की रिपोर्ट : बिहार, यूपी और दिल्ली समेत देश के 30 सब-डिवीजन में सामान्य से कम बारिश

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱IMD की रिपोर्ट: बिहार, यूपी और दिल्ली समेत देश के 30 सब-डिवीजन में सामान्य से कम बारिश नई दिल्ली: दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तर-आंतरिक ओडिशा (North Interior Odisha) पर स्थित अवदाब (Depression) सोमवार को आगे बढ़ा जिसकी वजह से ओडिशा और झारखण्ड में काफी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गयी. […]

India Rising: Road to EWC Powered by BASF Concludes in Mumbai with CM’s Address, Benjamin Bok Secures Esports World Cup 2026 Spot

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱India Rising: Road to EWC Powered by BASF Concludes in Mumbai with CM’s Address, Benjamin Bok Secures Esports World Cup 2026 Spot Mumbai: CM of Maharashtra Shri. Devendra Fadnavis positions Maharashtra as a future hub for gaming and esports as India Rising: Road to EWC brings together global competition, creators […]