MP Election 2023 Record breaking voting in MP

MP Election 2023 : मप्र में रिकॉर्डतोड़ मतदान, मप्र में 72 और छग में 69 फीसदी मतदान

मप्र में 72 और छग में 69 फीसदी मतदान
मिशन 2023: झड़प, पथराव, तलवारबाजी, फायरिंग और आईडी ब्लास्ट के बीच मप्र-छग में विधानसभा चुनाव संपन्न…

-इंदौर-4 में मालिनी गौड़ के बेटे ने कांग्रेसियों को पीटा, इंदौर-3 में कांग्रेस कार्यकर्ता का सिर फूटा
-मुरैना में मतदान के बीच गोलियां चलीं, पथराव, लोग बोले- मंत्री के दबाव में पुलिस-प्रशासन निरंकुश
-छतरपुर में राजनगर से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह ने भाजपा पर अपने समर्थक की हत्या का आरोप लगाया
-उज्जैन और खरगोन में हार्ट अटैक से एक-एक वोटर की, तो सिलवानी में पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत
-राहुल गांधी ने कहा- मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का तूफान आ रहा है- भारी बहुमत के साथ

भोपाल/रायपुर । मप्र की 230 और छग की 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। झड़प, पथराव, तलवारबाजी, फायरिंग और आईडी ब्लास्ट के साथ दोनों जगहों पर जमकर हिंसा हुई है। हिंसा के बीच मप्र में 72 और छग में 69 फीसदी मतदान हुआ है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मतदान खत्म होने के बाद नक्सल प्रभावित गरियाबंद की बिंद्रानवागढ़ में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इसकी चपेट में आकर आईटीबीपी के जवान जोगिंदर सिंह शहीद हो गए।
मप्र की 230 विधानसभा सीटों पर शाम 5 बजे तक 71.32 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे अधिक 82 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं। सबसे कम आलीराजपुर जिले में 56.24 प्रतिशत वोट पड़े। रतलाम जिले की सैलाना सीट पर सबसे ज्यादा 85.49 प्रतिशत वोटिंग हुई। भिंड सीट पर सबसे कम 50.41 प्रतिशत वोट डाले गए। वहीं छग में दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान शाम 5 बजे खत्म हो गया। अब जो लोग बूथ के अंदर रह गए हैं, वही मतदान कर सकेंगे। शाम 5 बजे तक 68.15 प्रतिशत वोटिंग हुई है। सबसे कम मतदान 58.83 प्रतिशत रायपुर में हुआ है।
मुरैना में चली गोली
वोटिंग के दौरान मुरैना की दो सीटों पर बवाल हो गया। पहले दिमनी और इसके बाद जौरा विधानसभा के खिडौरा गांव में झड़प हो गई। खिड़ौरा में जमकर पथराव हुआ और लाठियां चलीं। यहां कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता भिड़ गए। यहां गोलीबारी भी हुई। यहां से भाजपा से सूबेदार सिंह सिकरवार तो कांग्रेस से पंकज उपाध्याय उम्मीदवार हैं। इससे पहले दिमनी सीट पर भी बवाल हुआ। यहां एक शख्स घायल हो गया था। चुनाव आयोग मुरैना की दो सीटों पर निगाह रखे हुए है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के इशारे पर गुंडागर्दी हो रही है। वे किसी भी तरह जीतना चाह रहे हैं। शासन निरंकुश हो चुका है। पोलिंग बूथ तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है। जैसे-तैसे वोट डालने गए भी तो हमें पीटा गया। कपड़े फाड़ दिए गए। वहीं महू जिले में तलवार के हमले में दो लोग घायल हुए हैं।
इंदौर में जमकर बवाल
इंदौर जिले कांग्रेसी और भाजपाई कई बार आमने-सामने हो गए। पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा। इंदौर-3 में भीड़ के बीच ईंट फेंकने से एक कांग्रेस कार्यकर्ता का सिर फट गया। वहीं इंदौर-4 के सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में भाजपाई और कांग्रेसियों में विवाद हो गया। इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के बेटे और भाजपा नेता एकलव्य सिंह गौड़ व उनके समर्थक दो युवकों की पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। दोपहर को क्षेत्र में कांग्रेसी मनोज रिजवानी और विलियम्स आपस में चर्चा कर रहे थे। कुछ देर बाद वे एक-दूसरे को जय झूलेलाल कहकर जाने लगे। इस पर वहां खड़े कुछेक भाजपाइयों ने आपत्ति जताई तो बात बढ़ी। इस बीच भाजपाइयों ने भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्यसिंह गौड़ को सूचना दी तो वे 30-40 समर्थकों के साथ पहुंचे। मारपीट की गई। इस दौरान एक-दो पुलिसकर्मी नजर आए जो विवाद के बीच असहाय दिखाई दिए। मामले में एकलव्यसिंह गौड़ का कहना है कि कुछ कांग्रेसी गुण्डे सुबह से ही भाजपाइयों को परेशान कर रहे थे। मुझे बूथ पर काम में लगे अपने कार्यकर्ताओं से इसकी सूचना मिली। हमने वहां मौजूद कार्यकर्ता से बात की तो वह हमारे कार्यकर्ताओं से मारपीट करने लगा। दोनों पिता-पुत्र हैं जिनके नाम कमल संधवाने व विलियम्स हैं। दोनों ही हिस्ट्रीशीटर्स हैं। ये सभी कांग्रेस प्रत्याशी राजा मांधवानी के गुण्डे हैं। किसी भी सिंधी व्यापारी या कार्यकर्ता से बात करेंगे तो बताएंगे कि इनका क्षेत्र में कितना आतंक है। आज हमने इनको इनकी भाषा में जवाब दिया। छतरपुर में राजनगर से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह ने भाजपा पर अपने समर्थक की हत्या का आरोप लगाया।
भोपाल में मंत्री सारंग ने युवक पर हाथ उठाया
भोपाल में मतदान केंद्र हिंद कॉन्वेंट स्कूल में विवाद का एक वीडियो सामने आया। जिसमें मंत्री विश्वास सारंग युवक पर हाथ उठाते हुए नजर आए। उज्जैन और खरगोन में हार्ट अटैक से एक-एक वोटर की, तो रायसेन के सिलवानी में पुलिसकर्मी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हरदा में पोलिंग बूथ पर करंट से एक युवक की जान चली गई। इंदौर के महू में भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेसियों पर तलवार से हमला कर दिया। छिंदवाड़ा में बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद नकुलनाथ को भाजपाइयों ने रोक दिया। इस पर हंगामा हो गया। मुरैना जिले के दिमनी के एक मतदान केंद्र पर फायरिंग हो गई। इंदौर की महू सीट के नेव गुराडिय़ा गांव में वोटिंग के दौरान पथराव हो गया। जिसमें दो लोग घायल हो गए। पथराव की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत करवाया।
ग्वालियर में कांग्रेस प्रत्याशी पर केस दर्ज
ग्वालियर ग्रामीण सीट से कांग्रेस प्रत्याशी साहब सिंह गुर्जर पर तिघरा थाने में केस दर्ज किया गया है। बसपा जिला अध्यक्ष सतीश मंडेलिया ने उनके खिलाफ धमकी देने की शिकायत की थी। ग्वालियर पूर्व विधानसभा के थाटीपुर में मतदान और हार-जीत को लेकर भाजपा-कांग्रेस समर्थक भिड़ गए। इसमें एक का सिर फूट गया, तो दूसरे के हाथ में चोट आई है। उज्जैन में मतदान क्रमांक 55 पर संजय मालवीय नाम के वोटर की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उसे हार्ट अटैक आया था। खरगोन जिले में पोलिंग बूथ की लाइन में खड़ी भूरली बाई (53) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। भूरली बाई को लकवा की बीमारी थी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। हरदा के धनगांव में मतदान केंद्र पर करंट लगने से सुनील पिता भूरेलाल (27) की मौत हो गई। यहां टेंट को ऊंचा करते वक्त चार लोगों को करंट लगा था। घायल पंचायत सचिव अनिल विश्नोई को अस्पताल में भर्ती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर तलवार से हमला
इंदौर की महू में भाजपा कार्यकर्ता बीरबल ने कांग्रेस कार्यकर्ता दयाराम और तोलाराम पर तलवार से हमला कर दिया। दोनों को मालवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बीरबल को हिरासत में लिया है। भिंड की मेहगांव विधानसभा के मानहढ़ गांव में भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को कुछ लोगों ने घेर लिया। शुक्ला को बचाने के लिए गार्ड ने गोली चलाई। पथराव में शुक्ला घायल हो गए। आगर मालवा में मतदान करने के बाद काशीबाई (65) पति भेरूलाल मालवीय की हार्ट अटैक से मौत हो गई। काशीबाई ने सुसनेर विधानसभा के ग्राम धरोला में वोट डाला।
ईवीएम खराब होने से वोटिंग प्रभावित
भोपाल, चित्रकूट, सतना के वेंकट, जबलपुर में साइंस कॉलेज, नागौद के कुलगढ़ी और खिलचीपुर के पिपली बाजार के मतदान केंद्र की ईवीएम में वोटिंग शुरू होते ही खराबी आ गई। इनको सुधारने के बाद मतदान दोबारा शुरू हुआ। शुजालपुर में भाजपा प्रत्याशी और मंत्री इंदर सिंह परमार के समर्थकों और कांग्रेस प्रत्याशी रामवीर सिंह सिकरवार के समर्थकों के बीच तीखी नोंकझोक हो गई। इस दौरान मंत्री परमार भी मौजूद थे।
सीएम के गृह जिले में वोटिंग का बहिष्कार
सीहोर के आष्टा, रायसेन के सांची विधानसभा के झामर, शहडोल की जैतपुर विधानसभा के नगपुरा और मलया, मैहर में विष्णुपुर और अशोकनगर जिले की तीनों विधानसभा के पांच गांव के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया। नर्मदापुरम-सिवनी मालवा के विस्थापित ग्राम नया सांकई के भी मतदान का बहिष्कार किया गया। वहीं छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 165 (शासकीय शाला शहपुरा) में दोपहर 2 बजे तक एक भी वोट नहीं डाला गया। यहां कुल मतदाता 1062 हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से मतदान की गुजारिश की, लेकिन अभी तक कोई भी वोट देने नहीं आया है।
भाजपा प्रत्याशी पर हत्या समेत अन्य धाराओं में केस
छतरपुर जिले के राजनगर से विधायक विक्रम सिंह ने आरोप लगाया कि उन पर गाड़ी चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया गया। फायरिंग भी की गई। उनकी गाड़ी चला रहे पार्षद सलमान खान की कुचलकर हत्या कर दी। विक्रम ने ये आरोप भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया पर लगाए हैं। वहीं, अरविंद पटेरिया ने एक वीडियो जारी कर कहा, कांग्रेस प्रत्याशी झूठा आरोप लगा रहे हैं। इधर इस मामले में भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित उनके 18-20 साथियों पर हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फरियादी के आवेदन पर पुलिस ने धारा 302, 307, 147, 149, 294, 506 की धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसपी अमित सांघी ने इसकी पुष्टि की है।
रायपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मारपीट
छत्तीसगढ़ के रायपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई।यहां थाने में घुसे मूणत और विकास समर्थकों के बीच झूमाझटकी हो गई। टेबल पर चढक़र ष्टस्क्क को बीच बचाव करना पड़ा। बैरनबाजार बस्ती में पैसे बांटने के आरोप पर विवाद हो गया था। बवाल बढ़ता देख हथियारबंद जवानों को थाने के बाहर तैनात किया गया। छत्तीसगढ़ में वोटिंग के धमतरी में नक्सली हमला हुआ है। इसके बाद मौके पर फोर्स पहुंचा और जांच शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated

एमएस धोनी (MS Dhoni) ने ज़ेड ब्लैक समर्पण शुद्धकपूर एवं भीमसेनी कपूर के ‘सब शुभ होगा’ अभियान के जरिए उम्मीद का दिया संदेश

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱एमएस धोनी (MS Dhoni) ने ज़ेड ब्लैक समर्पण शुद्धकपूर एवं भीमसेनी कपूर के ‘सब शुभ होगा’ अभियान के जरिए उम्मीद का दिया संदेश इंदौर/मुंबई : जिस देश में क्रिकेट और आस्था दोनों लोगों के जीवन का अहम हिस्सा हैं, वहाँ ज़ेड ब्लैक इन दोनों को एक साथ लेकर आया है। […]

Prime Video 2026 slate : Prime vedio पर नई एंटरटेनमेंट का मेगा डोज भरपूर मनोरंजन का तड़का

Print 🖨 PDF 📄 eBook 📱Prime Video 2026 slate : Prime vedio पर नई एंटरटेनमेंट का मेगा डोज भरपूर मनोरंजन का तड़का Prime Video India Unveils Huge Slate & Targets Global Viewers With Local Originals Prime Video India today unveiled a massive slate of original TV shows, feature films and licensed content, as leading international […]