झारखंड में शुरू होगी ‘उड़ान’ योजना: स्टूडेंट्स के साथ टीचर भी जाएंगे एजुकेशनल टूर पर, CM हेमंत ने दी मंजूरी
झारखंड में शुरू होगी ‘उड़ान’ योजना: स्टूडेंट्स के साथ टीचर भी जाएंगे एजुकेशनल टूर पर, CM हेमंत ने दी मंजूरी
रांची। अभी तक समग्र शिक्षा अभियान के तहत माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी दूसरे राज्य शैक्षणिक भ्रमण पर जाते थे। हाल के वर्षों में यह योजना भी बंद थी। अब राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने का निर्णय लिया है। इसे लेकर इसी वित्तीय वर्ष से ‘उड़ान’ (यूनिफाइड डवलपमेंट थ्रो एकेडमिक एडवांसमेंट एंड नेशनल एक्सपोजर) योजना शुरू होगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा पांच वर्षों के लिए तैयार इस योजना पर विभागीय मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वीकृति प्रदान कर दी। अब इसपर योजना प्राधिकृत समिति तथा कैबिनेट की स्वीकृति ली जाएगी। प्रस्तावित योजना के तहत प्रत्येक वर्ष 1,680 विद्यार्थी तथा 2,244 शिक्षक शैक्षणिक भ्रमण पर भेजे जाएंगे। चयन विभिन्न मानकों के आधार पर तकनीकी रूप से होगा। शैक्षणिक भ्रमण से लौटने के बाद ये अपना अनुभव क्रमश: अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों से साझा करेंगे। पांच वर्ष में कुल 8,400 विद्यार्थियों तथा 11,220 शिक्षकों को इस भ्रमण पर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसपर 14.91 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
