युवराज सिंह बने दिल्ली कैपिटल्स के बैटिंग कोच, IPL 2027 में एक साथ नजर आएगी दादा-युवी की जोड़ी
युवराज सिंह बने दिल्ली कैपिटल्स के बैटिंग कोच, IPL 2027 में एक साथ नजर आएगी दादा-युवी की जोड़ी
नई दिल्ली: भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स टीम से जुड़ गए हैं। वे इस सीजन में टीम के असिस्टेंट और बैटिंग कोच की भूमिका संभालेंगे। खास बात यह है कि युवराज अपने करियर में पहली बार किसी टीम के कोच बन रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को वीडियो जारी कर इसकी घोषणा की है। आगामी आईपीएल सीजन में युवराज सौरव गांगुली और चामिंडा वास जैसे दिग्गजों के साथ काम करते हुए नजर आएंगे।
पहली बार कोचिंग करते हुए नजर आएंगे युवराज
44 साल के युवराज सिंह ने भारत को 2007 और 2011 का वर्ल्ड कप जिताने में बहुत अहम भूमिका निभाई थी। अब वे इसी टीम के साथ अपने कोचिंग करियर की नई शुरुआत कर रहे हैं। इससे पहले भी युवराज का इस फ्रेंचाइजी से पुराना नाता रहा है, साल 2015 में वे रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में दिल्ली की टीम से जुड़े थे और सभी 14 मैच खेले थे। इसके अलावा, हाल के सालों में उन्होंने कई युवा और अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों को भी अच्छी सलाह और ट्रेनिंग दी है।
