ओम बिरला और यूएई संसद प्रमुख घोबाश ने की बैठक, शिक्षा-व्यापार समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
ओम बिरला और यूएई संसद प्रमुख घोबाश ने की बैठक, शिक्षा-व्यापार समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच 2026 के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की फेडरल नेशनल काउंसिल के अध्यक्ष सक्र घोबाश से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने शिक्षा, युवा आदान-प्रदान, व्यापार, निवेश और लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने डिजिटल संसद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), संसदीय समितियों की कार्यप्रणाली और ऑनलाइन एश्योरेंस मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे क्षेत्रों में एक-दूसरे के अनुभव और बेहतर तरीकों को साझा करने की संभावनाओं पर भी विचार किया। ओम बिरला और सक्र घोबाश ने भारत और यूएई के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना रिश्तों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि संसदीय सहयोग, नियमित संवाद और सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।
ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्हें 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के दौरान यूएई फेडरल नेशनल काउंसिल के अध्यक्ष साकर घोबाश की मेजबानी करके खुशी हुई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने संसदीय सहयोग बढ़ाने, नियमित बातचीत और प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान के जरिए ऐतिहासिक मित्रता को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
