मुरासु का विकराल रूप: आंध्र प्रदेश में स्कूल-कॉलज बंद, 19 से ज्यादा फ्लाइट्स रद; अलर्ट पर NDRF
मुरासु का विकराल रूप: आंध्र प्रदेश में स्कूल-कॉलज बंद, 19 से ज्यादा फ्लाइट्स रद; अलर्ट पर NDRF
नई दिल्ली। भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ मंगलवार तड़के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर, नेल्लोर और नरसापुर के बीच टकराने वाला है। इसके साथ भारी बारिश और 120 किली प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इस चक्रवात के कारण कई तटीय राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है, उड़ानों पर असर पड़ा है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत कार्यों की तैयारी शुरू कर दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मुरासु के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और सोमवार रात 11.30 बजे से मंगलवार सुबह 4 बजे के बीच ओंगोल के पास तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो झोकों के साथ 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। चक्रवात के आंध्र प्रदेश तट के करीब पहुंचने के कारण विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और तिरुपति हवाई अड्डों पर 19 घरेलू उड़ानें रद कर दी गईं। विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक एम. लक्ष्मी कांता रेड्डी ने बताया कि इंडिगो ने 10 और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने 2 उड़ानें रद की हैं। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर 4 उड़ानें, जबकि तिरुपति हवाई अड्डे पर 3 उड़ानें रद की गईं।
