बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल, रिटेल और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी व्यापक पहलों की घोषणा की
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल, रिटेल और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी व्यापक पहलों की घोषणा की
बैंक ने 119वें स्थापना वर्ष की थीम रखी है ’नेतृत्व भरोसे का’ , जो ईमानदारी, नवाचार और समावेशन के साथ नेतृत्व करने की उसकी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करता है। आरोहण जीसीआईसी, नए बॉबवर्ल्ड और अदिति के शुभारंभ के साथ बैंक ने अपनी तकनीकी श्रेष्ठता को किया और सुदृढ़
मुंबई : भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर भरोसे, नवाचार और स्थायित्वपूर्ण व्यवसाय वृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पुनः दोहराया। बैंक के 119वें वर्ष की थीम, ‘नेतृत्व भरोसे का’ सत्यनिष्ठा, नवाचार और समावेशन के साथ नेतृत्व करने के उसके दृष्टिकोण को दर्शाती है, साथ ही यह सुनिश्चित करती है कि भरोसा हर ग्राहक संबंध की नींव और उसके भावी विकास का आधारस्तंभ बना रहे। इस अवसर पर, बैंक ने तकनीक और डिजिटल नवाचार, रिटेल और एमएसएमई बैंकिंग एवं संवहनीय फायनांस और वित्तीय समावेशन से संबंधित अनेक व्यापक पहलों की घोषणा की। बैंक ऑफ़ बड़ौदा के वैश्विक ब्रांड एंबेसडर और स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि श्री सचिन तेंदुलकर ने बैंक के मोबाइल बैंकिंग प्लेटफॉर्म नए बॉब वर्ल्ड ऐप का शुभारंभ किया। इसे एक अधिक कुशल, सहज, सुरक्षित और ज़्यादा पर्सनलाइज्ड बैंकिंग अनुभव प्रदान करने के लिए नए सिरे से तैयार किया गया है। बैंक ने अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी, इनोवेशन एंड ट्रांसफॉर्मेशन सेंटर – ‘आरोहण GCIC’ की भी शुरुआत की जो तकनीकी, अनुसंधान, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और नवाचार के लिए एक कार्यनीतिक केंद्र होगा। यह केंद्र बैंक के तकनीक आधारित ट्रांसफॉर्मेशन को गति देगा और भविष्य के लिए तैयार बैंकिंग समाधान विकसित करेगा। बैंक ने अपने इंटेलिजेंट वर्चुअल फ्रंट ऑफिस अदिति 2.0 का भी अनावरण किया, जो ग्राहकों को सहज बातचीत के माध्यम से बहुभाषी, वॉइस एनेबल्ड कंवर्सेश्नल बैंकिंग की सुविधा प्रदान करता है।
अन्य प्रमुख उत्पादों में ‘bob Elev8 होम लोन’, EV चार्जिंग स्टेशन और बैटरी-स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बॉब ग्रीन प्लग लेंडिंग स्कीम और ‘बॉब अग्निवीर एमएसएमई फायनांसिंग स्कीम के साथ-साथ कई अन्य पहलें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वित्तीय समावेशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए, बैंक ने देश भर में 119 नए व्यवसाय प्रतिनिधि केंद्रों का उद्घाटन किया जिससे ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच का विस्तार होगा।
इस अवसर पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक और सीईओ डॉ. देबदत्त चांद ने कहा, “हमारे 119वें स्थापना दिवस की थीम, ‘नेतृत्व भरोसे का’’, उन मूल्यों को प्रतिबिम्बित करती है जिन्होंने एक सदी से भी अधिक समय से बैंक ऑफ़ बड़ौदा का मार्गदर्शन किया है।” निरंतर और उत्तरदायी व्यवसाय वृद्धि की अपनी यात्रा को जारी रखते हुए हम हमारा ध्यान ग्राहकों के भरोसे को मज़बूत करने, नवाचार को बढ़ावा देने, संवहनीयता को आगे बढ़ाने और अपने सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर केंद्रित है। हम भरोसे की नींव पर एक सुदृढ़ भविष्य का निर्माण जारी रखेंगे।
मुख्य पहलें एवं आरंभ किए गए उत्पाद
I. तकनीक एवं डिजिटल
· आरोहण जीसीआईसी – बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी, इनोवेशन और ट्रांसफॉर्मेशन सेंटर – ‘आरोहण जीसीआईसी’ का उद्घाटन किया। तकनीक, अनुसंधान, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार के लिए एक रणनीतिक केंद्र के रूप में स्थापित यह केंद्र प्रतिभाओं, उभरती तकनीक और सहयोगात्मक विचारों को एक प्लेटफॉर्म पर लाते हुए भविष्य उन्मुख बैंकिंग समाधानों के विकास एवं विस्तार को गति प्रदान करेगा। आरोहण जीसीआईसी, बैंक के कैपेबिलिटी मेच्योरिटी मॉडल इंटीग्रेशन (CMMI) लेवल 3 प्रमाणित डेवलपमेंट सर्विस प्रक्रियाओं का लाभ उठाते हुए सेवा अनुशासन, गुणवत्ता तथा संस्थागत क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करेगा। यह केंद्र समग्र ट्रांसफॉर्मेशन को गति देने के साथ साथ नवाचार की ऐसी संस्कृति को प्रोत्साहित करेगा जो वित्तीय सेवाओं के भविष्य को आकार देने के बैंक के दृष्टिकोण के अनुरूप होगी।
· नया एवं बेहतर बॉब वर्ल्ड: बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने आधुनिक और स्केलेबल डिजिटल आर्किटेक्चर पर तैयार किए गए एक नए ऐप का शुभारंभ किया है। ग्राहकों की बदलती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया यह प्लेटफ़ॉर्म AI-आधारित क्षमताओं, ज़्यादा-पर्सनलाइज़्ड अनुभवों, संवादात्मक बैंकिंग, बहु-भाषी सेवाओं, बेहतर प्रमाणीकरण और धोखाधड़ी से सुरक्षा जैसे फ़ीचर्स के साथ एक स्मार्ट, आसान और सुरक्षित बैंकिंग अनुभव प्रदान करता है। इसमें ‘पर्सनल फायनांस मैनेजमेंट’ की सुविधा भी है, जिससे ग्राहक अपने फायनांस की पूरी जानकारी पा सकते हैं, खर्च करने के तरीकों की निगरानी कर सकते हैं और अपने वित्तीय लक्ष्यों की योजना बना सकते हैं। नए ऐप पर आसान ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए, ग्राहकों को नए ऐप से जोड़ने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
· ADITI 2.0: बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने इंटेलिजेंट वर्चुअल फ्रंट ऑफ़िस ADITI 2.0 का शुभारंभ किया है। यह बैंक के AI-आधारित वर्चुअल रिलेशनशिप मैनेजर का एडवांस वर्जन है। ज़्यादा भाषाओं के साथ, वॉइस-इनेबल्ड और बातचीत करने में सक्षम AI इंजन से चलने वाला ADITI 2.0 ग्राहकों को अपनी पसंद की भाषा में स्वाभाविक बातचीत के ज़रिए बैंक से संपर्क करने की सुविधा देता है। यह ग्राहकों को उत्पादों और सेवाओं के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ, उन्हें आसान बातचीत वाले इंटरफ़ेस के ज़रिए कई तरह के बैंकिंग लेन-देन स्वतः पूर्ण करने में भी मदद करता है। ADITI 2.0 पर्सनलाइज़्ड, संदर्भ के अनुसार और हर समय सहायता उपलब्ध कराता है, जिससे बैंकिंग ज़्यादा समावेशी, सुलभ और सुविधाजनक बनती है और ग्राहकों का जुड़ाव बेहतर होता है।
· यूपीआई ग्लोबल – इंटरनेशनल QR भुगतान की सुविधा प्रदान करना: बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने ‘यूपीआई ग्लोबल रिवर्स एक्सेप्टेंस’ की शुरुआत है, जो पात्र देशों के विदेशी पर्यटकों, प्रवासी भारतीयों और विदेशी वॉलेट उपयोगकर्ताओं को अपने देश के बैंकिंग या फिनटेक ऐप्स का उपयोग करके भारत भर में बैंक ऑफ़ बड़ौदा के यूपीआई क्यूआर मर्चेंट्स पर बाधारहित भुगतान करने में सक्षम बनाता है। यह पहल अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए भुगतान की सुविधा प्रदान करेगी। साथ ही, व्यापारियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर पैदा करेगी। यह पहल नवाचार तथा डिजिटल भुगतान ईकोसिस्टम को सुदृढ़ करने के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
· एटीएम एनएफसी-आधारित टैप और लेनदेन: अपने डिजिटल परिवर्तन पहलों के हिस्से के रूप में, बैंक ऑफ़ बड़ौदा अपने नए स्थापित एटीएम और कैश रीसायकलर मशीनों (CRM) पर एनएफ़सी कार्यक्षमता को सक्रिय कर रहा है, जिससे यह सुविधा उपलब्ध कराने वाला उद्योग का पहला बैंक बन गया है। क्रियान्वित होने के बाद, ग्राहक मशीन के रीडर पर अपना एनएफ़सी –सक्षम डेबिट कार्ड टैप करके ही एटीएम लेनदेन पूरे कर सकेंगे, जिससे कार्ड प्रविष्ट की आवश्यकता नहीं होगी। यह संपर्क रहित कार्यक्षमता ग्राहकों को तेज़, अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित लेनदेन प्रदान करेगी।
II. रिटेल ऋण
· बॉब एलिवेट होम लोन: बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने युवा वेतनभोगी प्रोफेशनल्स के लिए एक विशेष होम लोन योजना, ‘बॉब एलिवेट होम लोन’ पेश की है। युवा प्रोफेशनल्स की भविष्य की कमाई की क्षमता को पहचानते हुए, यह योजना एक व्यवस्थित स्टेप-अप ईएमआई चुकौती प्रणाली के माध्यम से वर्तमान आय और संपत्ति की बढ़ती कीमतों के बीच सामर्थ्य के गैप को कम करती है। यह ग्राहकों को उच्च ऋण पात्रता प्राप्त करने में सक्षम बनाती है, जबकि समय के साथ आय में उनकी अपेक्षित वृद्धि के साथ चुकौती को धीरे-धीरे एकसूत्रित करती है।
· निजी बिल्डरों से आवासीय भूखंडों के लिए बॉब स्वभूमि गृह ऋण : बैंक ऑफ बड़ौदा ने बॉब स्वभूमि नामक एक विशेष गृह ऋण योजना शुरू की है, जो उन ग्राहकों के लिए है जो निजी बिल्डरों एवं डेवलपर्स से आवासीय भूखंड खरीदना चाहते हैं। यह योजना केवल रेरा द्वारा अनुमोदित परियोजनाओं पर लागू है। इसके अंतर्गत ग्राहकों को सुविधाजनक चुकौती विकल्पों तथा परियोजना की प्रगति के अनुरूप चरणबद्ध ऋण संवितरण के साथ एक सुव्यवस्थित फायनांस समाधान उपलब्ध कराया जाता है।
· bob PAL (पोर्टफोलियो-समर्थित स्वीकृत सीमा) : बैंक ऑफ बड़ौदा ने bob PAL की शुरुआत की है, जो पात्र प्रतिभूतियों की एवज में उपलब्ध एक डिजिटल ओवरड्राफ्ट सुविधा है। इसके माध्यम से ग्राहकों द्वारा ₹5 करोड़ तक की वित्तीय सुविधा प्राप्त की जा सकती है। यह सुविधा शेयरों, म्यूचुअल फंड, बॉण्ड, डिबेंचर तथा सॉवरेन गोल्ड बॉण्ड की एवज में उपलब्ध है। इससे ग्राहक अपनी निवेश आस्तियों को बनाए रखते हुए अल्पकालिक व्यक्तिगत अथवा व्यावसायिक आवश्यकताओं के लिए तत्काल धनराशि प्राप्त कर सकते हैं तथा लाभांश एवं बोनस जैसे निवेश लाभों का भी निरंतर लाभ उठाते रह सकते हैं।
III. एमएसएमई एवं सप्लाई चेन फायनांस
· बॉब अग्निवीर योजना: बैंक ऑफ बड़ौदा ने बॉब अग्निवीर योजना प्रारंभ की है, जो अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त अग्निवीरों के लिए एक एमएसएमई फायनांसिंग कार्यक्रम है। इस योजना के अंतर्गत नए उद्यम स्थापित करने, वर्तमान व्यवसाय का विस्तार करने अथवा कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु ₹5 करोड़ तक का आवश्यकता-आधारित ऋण उपलब्ध कराया जाता है। आकर्षक रियायतों, सीजीटीएमएसई/ एनसीजीटीसी के समर्थन तथा सरलीकृत कोलेटरल मानदंडों से युक्त यह योजना पूर्व अग्निवीरों को उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने के साथ-साथ रोजगार सृजन में योगदान देने तथा एमएसएमई इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने का प्रयास करती है।
· कॉर्पोरेट इनवॉइस फाइनेंसिंग : अपनी सप्लाई चेन फायनांस सेवाओं को और सुदृढ़ करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा ने ₹500 करोड़ तक के वार्षिक कारोबार वाले एमएसएमई के लिए कॉर्पोरेट इनवॉइस फाइनेंसिंग की शुरुआत की है, जिससे कार्यशील पूंजी तक शीघ्र पहुँच सुनिश्चित होती है। यह समाधान एंकर कॉर्पोरेट्स को अपने आपूर्तिकर्ताओं एवं विक्रेताओं को चालान-आधारित वित्तपोषण उपलब्ध कराने में सक्षम बनाता है, जिससे लिक्विडिटी में सुधार, कार्यशील पूंजी ईष्टतम उपयोग तथा संपूर्ण सप्लाई चेन में समय पर भुगतान सुनिश्चित होता है। यह पहल व्यावसायिक साझेदारियों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ एमएसएमई के लिए फायनांस तक पहुँच को भी बेहतर बनाती है।
IV. ग्रीन फायनांसिंग
बॉब ग्रीन प्लग– भारत के ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए फायनांस: बैंक ऑफ बड़ौदा ने बॉब ग्रीन प्लग की शुरुआत की है, जो एक एमएसएमई ऋण योजना है। इसका उद्देश्य देशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशनों, बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तथा संबद्ध सुविधाओं की स्थापना एवं विस्तार के लिए फायनांस उपलब्ध कराना है। यह योजना रूफटॉप सौर ऊर्जा संचालित चार्जिंग स्टेशनों सहित नवीकरणीय ऊर्जा से इंटीग्रेटेड चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी समर्थन प्रदान करती है। ₹5 करोड़ तक के फायनांस के साथ बॉब ग्रीन प्लग भारत के विकसित हो रहे ईवी इकोसिस्टम को समर्थन देता है, मोबिलिटी को बढ़ावा देता है तथा संवहनीय फायनांस के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है।
V. बिज़नेस बैंकिंग
· मास्टरस्ट्रोक चालू खाता: बैंक ऑफ़ बड़ौदा मास्टरस्ट्रोक चालू खाता पेश कर रहा है, जो व्यवसायों के लिए एक प्रीमियम चालू खाता है। यह उन्नत बैंकिंग एवं लेनदेन सुविधाएँ प्रदान करता है, जिनमें प्रतिदिन ₹1 करोड़ तक निःशुल्क नकद जमा, निःशुल्क साउंडबॉक्स, क्यूआर एवं पीओएस समाधान, बॉब डिजी उद्यम के माध्यम से ₹2 करोड़ तक की कोलेटरल फ्री ओवरड्राफ्ट सुविधा, प्रमुख व्यवसायी के लिए ₹2 करोड़ तक का वैयक्तिक दुर्घटना बीमा कवर, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज सुविधा सहित विशेष लाभों वाला प्रीमियम डेबिट कार्ड तथा चयनित बैंकिंग उत्पादों एवं सेवाओं पर रियायती मूल्य निर्धारण शामिल हैं। यह बढ़ते व्यवसायों के लिए एक समग्र बैंकिंग समाधान है।
VI. वित्तीय समावेशन
· 119 व्यवसाय प्रतिनिधि (BC) केंद्र: अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर, बैंक ऑफ बड़ौदा ने देशभर में 119 नए व्यवसाय प्रतिनिधि (BC) केंद्रों का उद्घाटन करते हुए अपने वित्तीय समावेशन नेटवर्क को और सुदृढ़ बनाया है। ये नए बीसी आउटलेट ग्रामीण, दूरस्थ, बैंकिंग सेवाओं से वंचित तथा अल्प-बैंकिंग सुविधा वाले क्षेत्रों में आवश्यक बैंकिंग सेवाओं तक पहुँच का विस्तार करेंगे। इससे समावेशी बैंकिंग के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता और सुदृढ़ होगी तथा समावेशी विकास के सरकार के दृष्टिकोण को समर्थन मिलेगा।
· पीएमजेडीवाई ग्राहकों के लिए बहुभाषी व्हाट्सऐप बैंकिंग : डिजिटल वित्तीय समावेशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा ने प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) खाताधारकों के लिए बहुभाषी व्हाट्सऐप बैंकिंग की शुरुआत की है। इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण, अर्ध-शहरी, बैंकिंग सेवाओं से वंचित तथा अल्प-बैंकिंग सुविधा वाले क्षेत्रों में रहने वाले ग्राहक अपनी पसंदीदा क्षेत्रीय भाषा में व्हाट्सऐप के माध्यम से सुविधापूर्वक बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे सेवाओं की सुगमता तथा ग्राहक अनुभव में वृद्धि होगी।
अपने 119वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने अपने अंचल एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से देशव्यापी पौधारोपण अभियान शुरू किया, जो पर्यावरण संरक्षण और हरे-भरे परिवेश के निर्माण के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
