पंजाब में 6 साल बाद भाजपा-अकाली गठबंधन:मिलकर चुनाव लड़ेंगे, शाह बोले- मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा
पंजाब में 6 साल बाद भाजपा-अकाली गठबंधन:मिलकर चुनाव लड़ेंगे, शाह बोले- मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा
UNN: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल और भाजपा में गठबंधन फिर से हो गया है. इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया है. सीएम फेस के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब में बड़ा भाई अकाली दल रहेगा और बड़ा भाई ही सीएम होता है. जिससे यह तय हो गया है कि अगर गठबंधन सरकार बनाता है तो पंजाब में सीएम अकाली दल का होगा. पंजाब में दोनों दल 6 साल बाद फिर से साथ आ गए हैं. दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में दोनों दलों के बीच गठबंधन का ऐलान हुआ है. सुखबीर सिंह बादल ने बताया कि मोंगा में एक बड़ी रैली होगी, जिसमें पीएम मोदी भी शामिल होंगे.
अकाली दल रहेगा बड़ा भाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब अमित शाह से सीएम फेस को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा ‘दोनों पार्टियां मिलकर अगला पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी. अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा, जो बड़ा भाई होता है वहीं चीफ मिनिस्टर का फेस भी होता है. चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री अकाली दल का नेता ही बनेगा.’ जबकि सीट शेयरिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला अभी नहीं हुआ है, जल्द ही इसका फैसला होगा.
6 साल बाद पंजाब में फिर अकाली-बीजेपी गठबंधन
पंजाब में अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन पुराना रहा है. लेकिन 2022 के चुनाव से पहले कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था. उस चुनाव में अकाली दल ने बसपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जबकि भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ा था. लेकिन इस चुनाव में दोनों दलों की सीटों में बड़ी गिरावट आई थी, साथ ही वोट शेयर भी गिरा था. लेकिन अब 2027 के चुनाव से पहले 6 साल बाद दोनों दल फिर से साथ आ गए हैं.
