150 साल बाद आया ऐतिहासिक पल, तमिलनाडु में दीपथून स्थल पर ही जला दीपक; भावुक हो गए श्रद्धालु
150 साल बाद आया ऐतिहासिक पल, तमिलनाडु में दीपथून स्थल पर ही जला दीपक; भावुक हो गए श्रद्धालु
मदुरै। सनातन के लिए शनिवार ऐतिहासिक और भावुक कर देने वाला दिन रहा। आखिर हो भी क्यों न, 150 से अधिक वर्षों में पहली बार तमिलनाडु के मदुरै में स्थित धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम की पहाड़ी पर “दीपथून” के ऊपर कार्तिगई दीपम जो जलाया गया। हजारों लोग इसके गवाह बने। वहां भगवान मुरुगन की जय के नारे गूंज उठे।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शाम पांच बजे जैसे ही दीप प्रज्वलित किया गया, पत्थर के इस स्तंभ पर दीप जलाने का अधिकार पाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए। “महा दीपम” जलते ही कुछ श्रद्धालुओं की आंखों में अश्रु धारा बह निकली, काफी श्रद्धालुओं ने फूल बरसाए। शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए, मंत्रोच्चार किया। यही नहीं, खुशी जाहिर करते हुए कुछ श्रद्धालुओं ने अपने ऊपरी अंगवस्त्रम भी हवा में लहराए।
